

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के पिलखाना इलाके में प्रमोटर सौफिक खान की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हावड़ा सिटी पुलिस ने दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से मुख्य अभियुक्त हारुन शेख और रोहित हुसैन को दबोच लिया। गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के पिलखाना में प्रमोटर सौफिक खान की हत्या के बाद से ही हारुन और रोहित फरार थे। हावड़ा पुलिस (उत्तर) के एसीपी शेख हबीबुल्लाह ने बताया कि सीपी आकाश मघारिया, गोलाबाड़ी थाना एवं डीडी की मदद से दोनों मुख्य अभियुक्त हारुन और रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस लगातार विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटा रही थी और तकनीक की भी मदद ली जा रही थी। जांच में पता चला कि हत्या के बाद दोनों अभियुक्त पहले कोलकाता से कार के जरिये भागकर बिहार शरीफ पहुंचे। इसके बाद वे वहां के बख्तीयारपुर स्टेशन से ट्रेन के जनरल कम्पार्टमेंट में चढ़कर दिल्ली फरार हो गए। रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और खुफिया सूचना के आधार पर गुरुवार की सुबह पुलिस ने आखिरकार दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने बताया कि दो दिनों में उन्हें हावड़ा लाकर उन्हें सीआईडी के हाथों सौंप दिया जायेगा। गौरतलब है कि इस मामले में इससे पहले मोहम्मद बिलाल उर्फ रिंकू, मोहम्मद वाकिल उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन नामक अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके पास से कुछ भी हथियार बरामद नहीं किये गये थे लेकिन पुलिस ने बड़ाबाजार स्थित मुन्ना के घर की पानी की टंकी से एक आग्नेयास्त्र बरामद किया था। मुन्ना ने पुलिस को बताया था कि 25 फरवरी की सुबह हत्या के बाद मुख्य अभियुक्त हारुन और रोहित उसके पास हथियार और मैगजीन छिपाने के लिए देकर फरार हो गए थे। आरोप है कि इलाके में विभिन्न कारोबारों के साथ-साथ कई आपराधिक गतिविधियों को लेकर सौफिक और हारुन दोनों के खिलाफ शिकायतें थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है।