Home slider
ऑरेंज लाइन पर बड़ी उपलब्धि: बेलेघाटा-आईटी सेंटर सेक्शन में पहली पुश ट्रॉली निरीक्षण
वायडक्ट और बैलेस्टलेस ट्रैक का काम पूरा, अब शुरू होगा विद्युतीकरण कार्य
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता
: कवि सुभाष–जय हिंद विमानबंदर मेट्रो कॉरिडोर (ऑरेंज लाइन) के बेलेघाटा–आईटी सेंटर सेक्शन में पहली बार पुश ट्रॉली निरीक्षण किया गया। यह परियोजना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सेक्शन में वायडक्ट और बैलेस्टलेस ट्रैक का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही अब यहां विद्युतीकरण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। करीब 32 किलोमीटर लंबे कवि सुभाष–जय हिंद विमानबंदर मेट्रो प्रोजेक्ट को वर्ष 2010 में मंजूरी मिली थी। इस परियोजना का निर्माण पांच चरणों में किया जा रहा है। परियोजना के पहले दो चरणों—कवि सुभाष से हेमंत मुखोपाध्याय और हेमंत मुखोपाध्याय से बेलेघाटा—का काम पहले ही पूरा हो चुका है। इन दोनों हिस्सों में मेट्रो सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और यात्रियों को नियमित रूप से सेवा मिल रही है। वहीं, तीसरे चरण के तहत बेलेघाटा से आईटी सेंटर तक का सेक्शन अब काफी हद तक पूरा हो गया है। ट्रैक निर्माण कार्य के बाद विद्युतीकरण की शुरुआत की तैयारी की जा रही है। यह निरीक्षण ऑरेंज लाइन के इस हिस्से को परिचालन की दिशा में आगे बढ़ाने वाला अहम कदम माना जा रहा है।

