

वंदे भारत स्लीपर भी जल्द
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल में रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की गई है। हावड़ा स्टेशन पर ट्रेनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जुलाई महीने में नए प्लेटफॉर्म नंबर-24 का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस भी शुरू की जाएगी। रेल अधिकारियों के अनुसार, करीब 2.69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया यह नया प्लेटफॉर्म 635 मीटर लंबा है, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम होगा। रेलवे का कहना है कि नए प्लेटफॉर्म के शुरू होने से ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और परिचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
हावड़ा के डीआरएम विशाल कपूर ने बताया कि प्लेटफॉर्म-24 जुलाई से यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके अलावा, लंबी दूरी की ट्रेनों के बेहतर संचालन के लिए प्लेटफॉर्म 10-11 और 12-13 का विस्तार किया जा रहा है, जबकि प्लेटफॉर्म-16 पर भी विकास कार्य जारी है। रेलवे हावड़ा स्टेशन पर रूट रिले इंटरलॉकिंग (RRI) प्रणाली भी स्थापित कर रही है, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगा। डीआरएम ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पूर्व रेलवे और पूर्व रेलवे की लाइनों को जोड़ने का कार्य चल रहा है। इसी वजह से कई बार ट्रेनों के स्टेशन से निकलने और पहुंचने में देरी हो रही है। यह परियोजना पूरी होने के बाद ट्रेनों की लेटलतीफी में काफी कमी आने की उम्मीद है।
रेलवे ने बताया कि तारकेश्वर, लिलुआ, अजीमगंज, डानकुनी, रामपुरहाट और कटवा में कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। अगले चरण में हावड़ा, तारकेश्वर, सैंथिया, बाली, रिसड़ा, बेलूड़, शेवड़ाफुली, चंदननगर, बैंडेल और लिलुआ समेत कई स्टेशनों पर लिफ्ट स्थापित की जाएगी। रेलवे का मानना है कि इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से हावड़ा मंडल में ट्रेनों का संचालन अधिक तेज, सुरक्षित और समयबद्ध होगा, जिससे लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।