अब रात 11 के बजाय 10.40 बजे छूटेगी स्पेशल नाइट मेट्रो | Sanmarg

अब रात 11 के बजाय 10.40 बजे छूटेगी स्पेशल नाइट मेट्रो

कोलकाता : मेट्रो रेलवे द्वारा चलाये जा रहे स्पेशल नाइट मेट्रो के समय को 20 मिनट कम कर दिया गया है। अर्थात रात 11 बजे छूटनेवाली मेट्रोसेवाएं अब रात 10.40 बजे मिलेगी। दरअसल मेट्रो यात्रियों के लाभ के लिए 24 मई से रात में प्रायोगिक आधार पर ब्लू लाइन पर विशेष मेट्रो सेवाएं चला रहा है। अप और डाउन दोनों दिशाओं पर ये सेवाएं सोमवार से शुक्रवार तक कवि सुभाष और दमदम स्टेशनों से रात 11.00 बजे रवाना हो रही हैं। हालाँकि इन सेवाओं को इस उम्मीद के साथ शुरू किया गया था कि यह रात में बड़ी संख्या में लोगों को सेवा प्रदान करेगी, लेकिन यह देखा गया है कि इन रात्रि सेवाओं को मेट्रो यात्रियों द्वारा संरक्षण नहीं दिया जा रहा है। नतीजतन, दमदम से कवि सुभाष के बीच रात 11 बजे के बाद प्रत्येक ट्रेन में औसतन 300-300 यात्री ही यात्रा कर रहे हैं। इन सेवाओं को चलाने के लिए, मेट्रो रेलवे को भारी खर्च करना पड़ रहा है (चालू लागत के रूप में लगभग 2.70 लाख रुपये और अन्य खर्चों के रूप में 50,000 रुपये), लेकिन बदले में इन दोनों ट्रेनों से राजस्व आय बहुत निराशाजनक रही है जो कि केवल 6000 रुपये हैं। यह भी देखा गया है कि कई स्टेशनों पर इन प्रायोगिक रात्रि सेवाओं का लाभ उठाने के इच्छुक यात्रियों को काउंटरों से औसतन केवल 1 या 2 टोकन ही बेचे जा रहे हैं। मेट्रो के सीपीआरओ कौशिक मित्रा ने बताया कि अब इन प्रायोगिक रात्रि सेवाओं के समय को 24 जून (सोमवार) से 20 मिनट आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। 24 जून से ब्लू लाइन पर ये प्रायोगिक रात्रि सेवाएं कवि सुभाष और दमदम से रात 10.40 बजे शुरू होंगी। ये सेवाएँ सोमवार से शुक्रवार तक उपलब्ध रहेंगी और रास्ते में सभी स्टेशनों पर रुकेंगी। टोकन, स्मार्ट कार्ड आदि जारी करने के लिए कोई टिकट काउंटर खुला नहीं रहेगा। यात्रियों से अनुरोध है कि वे यूपीआई भुगतान मोड का उपयोग करके सभी स्टेशनों पर स्थापित एएससीआरएम मशीनों से टोकन खरीदें। मेट्रो स्मार्ट कार्ड रखने वाले यात्री भी रात्रि सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

 

Visited 77 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर