अब हर शाम रोशनी से जगमगाएगा 200 साल पुराना इंडियन म्यूजियम

हेरिटेज इमारत को मिलेगा नया आकर्षण
अब हर शाम रोशनी से जगमगाएगा 200 साल पुराना इंडियन म्यूजियम
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: महानगर की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल करीब 200 साल पुराने इंडियन म्यूजियम का भव्य स्वरूप अब हर शाम रोशनी से निखरता नजर आएगा। म्यूजियम प्रशासन ने उसकी पूरी इमारत पर स्थायी फसाड (Facade) लाइटिंग की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अब केवल विशेष अवसरों या राष्ट्रीय पर्वों पर ही नहीं, बल्कि प्रतिदिन शाम को म्यूजियम की ऐतिहासिक इमारत आकर्षक रोशनी से जगमगाएगी। इंडियन म्यूजियम के निदेशक सायन भट्टाचार्य ने बताया कि बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने, जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल करते हैं, कोलकाता रेस्टोरर्स द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि अब तक म्यूजियम की इमारत को केवल बड़े सांस्कृतिक आयोजनों, त्योहारों और राष्ट्रीय समारोहों के दौरान ही रोशन किया जाता था, लेकिन नई योजना के तहत इसकी ऐतिहासिक इमारत हर शाम प्रकाशित रहेगी। यह परियोजना कोलकाता रेस्टोरर्स के सहयोग से लागू की जाएगी। यह नागरिकों का एक समूह है, जिसने अब तक शहर की 100 से अधिक विरासत इमारतों, मंदिरों, चर्चों, क्लॉक टावरों, सरकारी भवनों और अन्य ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाकर उनकी पहचान को नया आयाम दिया है।परियोजना का कार्य सोमवार से शुरू होगा। नई लाइटिंग व्यवस्था में पहले इस्तेमाल होने वाली तेज रोशनी की जगह आधुनिक और सटीक एलईडी लाइटिंग का उपयोग किया जाएगा। इससे इमारत की नवशास्त्रीय (Neoclassical) वास्तुकला की विशेषताएं, जैसे मेहराब, स्तंभ और खंभे, अधिक प्रभावी ढंग से उभरकर सामने आएंगे। इस पहल से इंडियन म्यूजियम की ऐतिहासिक भव्यता रात के समय भी शहरवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in