अब दीघा से मायापुर तक शुरू हुई नयी सरकारी बस सेवा

राज्य परिवहन निगम SBSTC की ओर से शुरू की गई सेवा
अब दीघा से मायापुर तक शुरू हुई नयी सरकारी बस सेवा
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

काेलकाता : पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन केंद्र मायापुर से अब सीधे समुद्र तटीय शहर दीघा पहुंचना और भी आसान हो गया है। राज्य परिवहन निगम SBSTC ने पर्यटकों और यात्रियों की सुविधा के लिए मायापुर-दीघा रूट पर नयी सरकारी बस सेवा शुरू कर दी है। इस नयी पहल से श्रद्धालु और पर्यटक ट्रेन बदलने या कई बसें पकड़ने की परेशानी से बचते हुए सीधे दीघा पहुंच सकेंगे। जानकारी के अनुसार, यह बस रोज सुबह 6:30 बजे मायापुर से रवाना होगी और दोपहर करीब 2 बजे दीघा पहुंचेगी। वहीं वापसी में बस सुबह 8 बजे दीघा से चलेगी और शाम 3:30 बजे मायापुर पहुंचेगी। यह बस सेवा मायापुर से रानाघाट, बारासात, कोलकाता एयरपोर्ट क्षेत्र, दक्षिणेश्वर, कोलाघाट, मेचेदा, नंदकुमार और कांथी होते हुए दीघा पहुंचेगी। ऐसे में इस मार्ग के कई शहरों और कस्बों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। सबसे खास बात यह है कि इतने लंबे सफर के लिए किराया मात्र 240 रुपये रखा गया है। कम खर्च में आरामदायक सरकारी बस सेवा मिलने से यात्रियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि छुट्टियों और पर्यटन सीजन में इस रूट पर यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मायापुर में हर दिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इनमें से कई लोग बाद में दीघा घूमने जाना चाहते हैं, लेकिन अब तक सीधी सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी होती थी। नयी बस सेवा शुरू होने से धार्मिक और समुद्री पर्यटन के बीच संपर्क और मजबूत होगा। सूत्रों के मुताबिक, यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इस रूट पर बसों की संख्या भी बढ़ायी जा सकती है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in