हावड़ा में ‘नॉन इंडियन सिटिजन’ बताकर भेजी जा रही नोटिस, 2 हजार लोगों में दहशत

शिकायतकर्ता की पहचान अस्पष्ट, सुनवाई केंद्र पर CPM–TMC नेताओं में तीखी बहस
हावड़ा में ‘नॉन इंडियन सिटिजन’ बताकर भेजी जा रही नोटिस, 2 हजार लोगों में दहशत
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के मध्य क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों को “नॉन इंडियन सिटिजन” बताते हुए चुनाव आयोग की ओर से नोटिस भेजी जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब दो हजार निवासियों को एसआईआर सुनवाई केंद्र में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी की गयी। नोटिस में आरोप तो दर्ज है, लेकिन शिकायतकर्ता की पूरी पहचान नहीं दी गई है। जहां नाम और पूरा पता होना चाहिए, वहां केवल नाम और पता “वेस्ट बंगाल” लिखा गया है। इसे लेकर इलाके में दहशत और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। नोटिस पाने वाले सभी लोग सुनवाई केंद्र पर पहुंचे, जहां उनके दस्तावेजों की जांच की गई। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। मामले की जानकारी लेने कुछ दिन पहले सुनवाई केंद्र पर सीपीएम नेता पहुंचे। वहीं तृणमूल कांग्रेस के मध्य हावड़ा के सह अध्यक्ष सुशोभन चट्टोपाध्याय भी मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। बाद में सीपीएम नेता ने आरोप लगाया कि इस तरह की नोटिस सत्तारूढ़ दल की साजिश का हिस्सा हैं। उनका कहना है कि लोगों में डर पैदा कर बाद में उनके साथ खड़े होने का दिखावा किया जा रहा है और वामपंथियों को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को सर्वोच्च न्यायालय के संज्ञान में लाया जाएगा। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है। अब सवाल उठ रहा है कि कथित 'मृत वोटरों' क़े बारें में शिकायतकर्ताओं की पहचान क्या है और क्या चुनाव आयोग इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर पाएगा? इलाके के लोग इसी सवाल का जवाब तलाश रहे हैं।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in