हावड़ा स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य, 24 से 27 जुलाई तक कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव; कामरूप एक्सप्रेस भी रद्द

प्लेटफॉर्म संख्या 24 के कमीशनिंग कार्य के चलते हावड़ा मंडल में 60 घंटे का नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक कई लंबी दूरी की ट्रेनें हावड़ा की जगह सांतरागाछी और शालीमार से चलेंगी कई ईएमयू लोकल ट्रेनें भी रहेंगी रद्द
हावड़ा स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य, 24 से 27 जुलाई तक कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव; कामरूप एक्सप्रेस भी रद्द
Published on

कोलकाता : पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए बताया है कि हावड़ा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 24 के कमीशनिंग कार्य के लिए 24 जुलाई की शाम 5 बजे से 27 जुलाई की सुबह 5 बजे तक 60 घंटे का नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जाएगा। इस दौरान हावड़ा मंडल से संचालित होने वाली कई मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों के परिचालन में व्यापक बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में कई ट्रेनों का शॉर्ट ओरिजिनेशन (आंशिक प्रारंभ) और शॉर्ट टर्मिनेशन (आंशिक समापन) किया जाएगा। कई ट्रेनें हावड़ा स्टेशन के बजाय सांतरागाछी अथवा शालीमार स्टेशन से रवाना होंगी तथा वहीं तक चलेंगी। इसके अलावा कई ईएमयू लोकल ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।

24 से 26 जुलाई तक कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का बदलेगा स्टेशन

24, 25 और 26 जुलाई को चलने वाली क्रिया योग एक्सप्रेस, गीतान्जलि एक्सप्रेस, फलकनुमा एक्सप्रेस, कोरोमंडल एक्सप्रेस, धौली एक्सप्रेस, चेन्नई मेल, बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस, इस्पात एक्सप्रेस, पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित अनेक प्रमुख ट्रेनें हावड़ा स्टेशन के स्थान पर सांतरागाछी या शालीमार स्टेशन से चलेंगी अथवा वहीं तक सीमित रहेंगी।

27 जुलाई को भी रहेगा असर

27 जुलाई को भी परिचालन सामान्य नहीं रहेगा। कन्याकुमारी-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस तथा पुरी-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हावड़ा के बजाय सांतरागाछी स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा।

16 ईएमयू लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द

नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 26 और 27 जुलाई को हावड़ा–मिदनापुर, हावड़ा–खड़गपुर, हावड़ा–आमता, हावड़ा–पांसकुड़ा, हावड़ा–मेचेदा सहित कुल 16 ईएमयू लोकल ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा। इससे दैनिक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह

पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का प्रस्थान और आगमन स्टेशन तथा समय अवश्य जांच लें। जिन ट्रेनों का प्रस्थान शालीमार से होगा, वे हावड़ा के निर्धारित समय के अनुसार ही रवाना होंगी, जबकि सांतरागाछी से शुरू होने वाली ट्रेनों के लिए सांतरागाछी का निर्धारित समय ही प्रस्थान समय माना जाएगा।

अलग से: कामरूप एक्सप्रेस रद्द

इधर, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने जानकारी दी है कि सिलीगुड़ी यार्ड में जलभराव के कारण 15959 हावड़ा–डिब्रूगढ़ कामरूप एक्सप्रेस, जिसकी यात्रा 22 जुलाई 2026 से शुरू होनी थी, उसे रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करने तथा यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in