KMC Update : क्या आपके सिर पर भी … ?

KMC Update : क्या आपके सिर पर भी … ?
Published on: 

अब नये ओवरहेड केबल कनेक्शन को अनुमति नहीं देगा केएमसी
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर की सड़कों पर चलते हुए आपने भी अपने सिर के ऊपर लटकते हुए उलझे तारों को जरूर देखा होगा। यह केबल टीवी फर्मों के टूटे या लटकते केबल महानगर के लिए एक परेशानी बन गए हैं लेकिन कोलकाता नगर निगम ने अब इस समस्या का समाधान निकाल लिया है। बहुत जल्द ही महानगर के लोगों को इन टूटे या लटकते केबल तारोें से छुटकारा मिलने वाला है। बिजली विभाग के एमएमआईसी संदीप रंजन बख्शी ने बताया कि इन केबल तारों को लेकर विभाग पिछले कई दिनों से काम कर है। इसी के तहत विभाग ने यह निर्णय भी लिया है अब नये ओवरहेड केबल कनेक्शन को बिछाने को लेकर केएमसी की ओर से अनुमति नहीं दी जायेगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जो केबल कनेक्शन पहले से ही मौजूद हैं उस लाइन को ठीक किया जा सकता है पर नये लाइन की परमिशन नहीं है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय महानगर के लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कई बार देखा गया है कि कई इलाकों में टूटे हुए केबल सड़कों पर बिखरे हुए रहते हैं, जो महानगर की सुंदरता को बिगाड़ने के साथ ही अनचाहे दुर्घटनाओं को भी दावत देते हैं। इसे लेकर आये दिन शिकायतें भी मिल रही थीं। इन्हीं सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गयी है। उल्लेखनीय है कि इसे लेकर केएमसी ने एक पायलट प्रोजेक्ट बनाया है। इसके तहत फिलहाल अलीपुर रोड, बेकर रोड, चेतला और हेस्टिंग्स रोड पर अंडरग्राउंड लाइन का काम चल रहा है।
केबल ऑपरेटरों के साथ हुई मीटिंग
बिजली विभाग ने इसे लेकर केबल ऑपरेटरों के साथ मीटिंग की भी है, जिसमें नये नियमाें को बताया गया है। इस नये नियम के तहत अब नये ओवरहेड केबल कनेक्शन को बिछाने की अनुमति नहीं है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News