कोलकाता स्टेशन से करुणामयी तक नयी मेट्रो लाइन की योजना, प्रारंभिक सर्वे शुरू

हावड़ा, सियालदह व एयरपोर्ट के बाद कोलकाता स्टेशन जुड़ेगा मेट्रो से आज या कल एमआर कर सकते हैं रेलवे व मेट्रो अधिकारियों के साथ बैठक
सिंहस्थ 2028 को लेकर है तैयारी
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर कोलकाता में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक नयी पहल की गयी है। हावड़ा, सियालदह व एयरपोर्ट के बाद कोलकाता स्टेशन भी मेट्रो से जुड़ जायेगा। पूर्व रेलवे के कोलकाता (चितपुर) स्टेशन को साल्ट लेक के करुणामयी क्षेत्र से जोड़ने के लिए नयी मेट्रो लाइन की योजना पर प्रारंभिक स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है। प्रस्तावित कॉरिडोर की लंबाई लगभग 8.8 किलोमीटर होगी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस परियोजना के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण का कार्य शुरू हो चुका है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि पूरा कॉरिडोर भूमिगत होगा या इसका कुछ हिस्सा एलिवेटेड (ऊपरी) तथा बाकी हिस्सा भूमिगत बनाया जाएगा। इस संबंध में अंतिम निर्णय विस्तृत अध्ययन के बाद लिया जाएगा।

चितपुर से करुणामयी तक कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना

मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर में पहले से मौजूद करुणामयी स्टेशन को कोलकाता रेलवे स्टेशन (चितपुर) से जोड़ने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। फिलहाल परियोजना शुरुआती चरण में है और सर्वेक्षण के लिए आवश्यक धनराशि भी आवंटित की जा चुकी है। सर्वेक्षण के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसके पश्चात रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय की मंजूरी मिलने पर परियोजना के निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

दो दशक बाद मिल सकती है नयी मेट्रो लाइन

यदि यह परियोजना स्वीकृत होकर धरातल पर उतरती है, तो कोलकाता में लगभग दो दशक बाद किसी नयी मेट्रो लाइन के निर्माण की शुरुआत हो सकती है। लंबे समय से शहर में मेट्रो परियोजनाओं को भूमि अधिग्रहण और विभिन्न प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता रहा है, जिसके कारण कई परियोजनाओं में देरी हुई। नयी प्रस्तावित लाइन के शुरू होने से कोलकाता स्टेशन और साल्ट लेक क्षेत्र के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। साथ ही पूर्वी कोलकाता और रेलवे नेटवर्क के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होने की संभावना है।

रेल मंत्री के दौरे से पहले चर्चा तेज

यह योजना ऐसे समय सामने आयी है जब केंद्रीय रेल मंत्री के पश्चिम बंगाल दौरे की तैयारियां चल रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, वे आज या कल राज्य के विभिन्न रेल और मेट्रो परियोजनाओं को लेकर राज्य सरकार के साथ बैठक कर सकते हैं। माना जा रहा है कि आगामी बैठकों में इस प्रस्तावित मेट्रो परियोजना पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, फिलहाल परियोजना केवल प्रारंभिक अध्ययन और योजना के स्तर पर है। अंतिम मंजूरी और निर्माण कार्य शुरू होने में अभी समय लग सकता है।

मेट्रो यात्रा से पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी जोर

हालांकि कोलकाता स्टेशन की बात करें तो यात्रियों के अनुसार यहां पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की काफी कमी है। स्टेशन तक पहुंचने के लिए भी पर्याप्त सुविधा नहीं है। वहीं इस विषय में पूर्व रेलवे के सीपीआरओ शिवराम माझी ने कहा कि आने वाले समय में कोलकाता स्टेशन में ट्रांसपोर्ट की सुविधा बढ़ेगी। खासकर मेट्रो से पहले ही यह कार्य होगा। देखा जाये तो यह राज्य सरकार का मुद्दा है। इस पर कार्य किया जायेगा।

यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा हमारी प्राथमिकता

पूर्व रेलवे के जीएम मिलिंद देउस्कर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा हमारी प्राथमिकता है। कोलकाता स्टेशन के मेट्रो से जुड़ जाने पर यात्रियों को लाभ होगा।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in