Monsoon Update : आ ही गया मानसून !

Monsoon Update : आ ही गया मानसून !
Published on

महानगर में हुई राहत की बारिश, कल आ सकता है मानसून
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सोमवार की सुबह प्री मानसून बारिश के साथ द​क्षिण-पश्चिमी मानसून दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आ गया है। यहां उल्लेखनीय है कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हीट वेव जारी है। हालांकि सोमवार की सुबह हुई बारिश के बाद लोगों को मौसम बदलने से थोड़ी राहत मिली है। अलीपुर मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि अगले 2-3 दिनों में मानसून दक्षिण बंगाल की ओर बढ़ेगा और इस कारण कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
सोमवार की सुबह ही आसमान में काली घटाएं छाने के बाद जोरदार बारिश हुई जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून उत्तर व दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, नदिया, हुगली, मुर्शिदाबाद, बीरभूम और पूर्व बर्दवान जिलों में बारिश हुई। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून दक्षिण बंगाल के कुछ और जिलों में आ सकता है। बारिश के कारण कड़ाके की धूप से लाेगों को राहत मिली, हालांकि द​क्षिण बंगाल के कुछ जिलों और अन्य पॉकेट्स में अधिकतम 91% और न्यूनतम 69% आर्द्रता के कारण लोग गर्मी से परेशान हैं।
कम हुआ कोलकाता का तापमान
सोमवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 32 ​डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो स्वाभाविक से 2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो स्वाभाविक है। उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हावड़ा व हुगली जिलों के लिये मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। बताया गया कि अगले 5 दिनों में गांगेय व पश्चिम बंगाल का तापमान एक धक्के में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।
आज भी बारिश की संभावना
आज यानी मंगलवार और कल यानी बुधवार को भी कोलकाता व आस-पास के इलाकों में बारिश हो सकती है। आज कोलकाता का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है जो स्वाभाविक है। इधर, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। आज उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हावड़ा व हुगली में बारिश की संभावना है। वहीं 22 तारीख को कोलकाता से सटे उत्तर व दक्षिण 24 परगना के कुछ जगहों पर भारी बारिश (70 से 110 मि.मी. तक) हो सकती है। फिलहाल कुछ दिनों तक कोलकाता का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। 25 तारीख के बाद कोलकाता का तापमान कुछ और कम होकर 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in