सियालदह मंडल में मेगा ब्लॉक, आज और कल कई लोकल ट्रेनें रद्द

यात्रियों को हो सकती है परेशानी पुल निर्माण और ट्रैक अपग्रेडेशन कार्य के लिए लिया जाएगा ब्लॉक
सियालदह मंडल में मेगा ब्लॉक, आज और कल कई लोकल ट्रेनें रद्द
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने रेल अवसंरचना को और अधिक सुरक्षित एवं मजबूत बनाने के लिए 6 जून (शनिवार) यानी आज और 7 जून (रविवार) यानी कल दो बड़े मेगा ब्लॉक लेने का निर्णय किया है। इन ब्लॉकों के कारण सियालदह उत्तर और दक्षिण सेक्शन की कई उपनगरीय ईएमयू लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग और परिचालन में बदलाव किया जाएगा।

15 घंटे का मेगा ब्लॉक, बदले जाएंगे पुराने गर्डर

रेलवे के अनुसार, सियालदह और कांकुड़गाछी रोड जंक्शन के बीच ब्रिज नंबर-3 पर पुराने गर्डरों को बदलने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए शनिवार रात 10:15 बजे से रविवार दोपहर 1:15 बजे तक 15 घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक रहेगा। साथ ही नारकेलडांगा कारशेड से ट्रेनों की आवाजाही शनिवार शाम 7 बजे से रविवार शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पुराने गर्डर अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुके हैं। नये और मजबूत गर्डरों की स्थापना से पुल की सुरक्षा, ट्रेनों की गति और परिचालन क्षमता में सुधार होगा।

बालीगंज में ट्रैक अपग्रेडेशन के लिए 6 घंटे का ब्लॉक

दूसरा ब्लॉक बालीगंज स्टेशन क्षेत्र में लिया जाएगा। यहां डाउन पैसेंजर लाइन पर प्वाइंट संख्या 120B/121A को 52 किलोग्राम रेल सेक्शन से 60 किलोग्राम रेल सेक्शन में परिवर्तित किया जाएगा। यह कार्य शनिवार रात 11:10 बजे से रविवार सुबह 5:10 बजे तक चलेगा।

कई लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द

इस मेगा ब्लॉक के कारण सियालदह-नैहाटी, सियालदह-रानाघाट, सियालदह-बनगांव, सियालदह-कल्याणी सीमांत, सियालदह-डानकुनी, सियालदह-बारासात, सियालदह-हाबरा, सियालदह-डायमंड हार्बर, सियालदह-सोनारपुर, सियालदह-बजबज और सियालदह-लक्ष्मीकांतपुर रूट की कई लोकल ट्रेनें शनिवार और रविवार को रद्द रहेंगी।

कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन

रेलवे ने बताया कि कई ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं जाएंगी और बीच के स्टेशनों से ही संचालित होंगी। बनगांव, गेदे, शांतिपुर, कल्याणी, बैरकपुर, दमदम कैंटोन्मेंट, बालीगंज और सोनारपुर स्टेशनों पर कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ किया जाएगा।

यात्रियों से रेलवे की अपील

पूर्व रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल तथा अद्यतन समय-सारिणी देखने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि ये कार्य सुरक्षित, तेज और बेहतर रेल सेवा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

सप्ताहांत में ब्लॉक लेने का फैसला

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की असुविधा को देखते हुए दोनों मेगा ब्लॉक सप्ताहांत और सार्वजनिक अवकाश के दौरान रखे गए हैं, ताकि दैनिक यात्रियों पर इसका प्रभाव न्यूनतम पड़े।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in