

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के डोमजूड़ थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। जालान कॉम्प्लेक्स इलाके से बुधवार को महिला का शव बरामद किया गया। आरोप है कि पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, मृतका अपने पति के साथ जालान कॉम्प्लेक्स के गेट नंबर तीन, लेन नंबर पांच स्थित एक किराये के मकान में रहती थी। मूल रूप से दोनों मुर्शिदाबाद के निवासी थे और हावड़ा की एक गंजी (बनियान) फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस फैक्ट्री में दंपति काम करता था, वहां के एक ठेकेदार के साथ महिला की नजदीकियां बढ़ने को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले महिला ने उक्त ठेकेदार के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप दर्ज कराया था, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार भी किया गया था। प्राथमिक जांच में पुलिस को संदेह है कि पति के दबाव में ही महिला ने कथित ‘प्रेमी’ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, इसके बाद भी दंपति के बीच तनाव कम नहीं हुआ। बुधवार को किराये के घर से महिला का शव बरामद हुआ, जबकि पति लापता है। फैक्ट्री और आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस का अनुमान है कि पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और डोमजूड़ थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।