

कोलकाता : श्रावण माह में भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। रेलवे ने श्रावणी मेला के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आसनसोल–पटना–आसनसोल तथा आसनसोल–गोरखपुर–आसनसोल के बीच दो अनारक्षित (अनरिजर्व्ड) श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार, 03511 आसनसोल–पटना श्रावणी मेला स्पेशल 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन (कुल 32 फेरे) शाम 5:00 बजे आसनसोल से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 2:30 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी में 03512 पटना–आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल 30 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन (32 फेरे) सुबह 3:30 बजे पटना से प्रस्थान करेगी और उसी दिन दोपहर 1:00 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
यह ट्रेन पूर्व रेलवे क्षेत्राधिकार में चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और सिमुलतला स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। ट्रेन में केवल सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल सेकेंड क्लास) की अनारक्षित सुविधा उपलब्ध होगी।
इसी प्रकार 03527 आसनसोल–गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन (32 फेरे) रात 9:00 बजे आसनसोल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में 03528 गोरखपुर–आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल 30 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन (32 फेरे) शाम 4:15 बजे गोरखपुर से चलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
यह ट्रेन पूर्व रेलवे के चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इसमें भी यात्रियों के लिए सामान्य द्वितीय श्रेणी (अनारक्षित) कोच उपलब्ध रहेंगे।
पूर्व रेलवे के अनुसार, श्रावणी मेला हर वर्ष भगवान शिव के प्रति आस्था का एक विशाल धार्मिक आयोजन होता है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। विशेष ट्रेनों के संचालन से श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।