लिलुआ में बाबा बागेश्वर के कार्यक्रम के फर्जी पास बेचने वाला गिरोह पकड़ा, दो गिरफ्तार

व्हाट्सऐप के जरिए श्रद्धालुओं को बेचे जा रहे थे नकली प्रवेश पास हावड़ा सिटी पुलिस की कार्रवाई
लिलुआ में बाबा बागेश्वर के कार्यक्रम के फर्जी पास बेचने वाला गिरोह पकड़ा, दो गिरफ्तार
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: लिलुआ वर्कशॉप ग्राउंड में होने वाले ‘श्री हनुमान कथा एवं दिव्य दरबार’ कार्यक्रम के नाम पर फर्जी प्रवेश पास बेचने वाले कथित गिरोह का हावड़ा सिटी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों व्हाट्सऐप के जरिए नकली प्रवेश पास तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच बेच रहे थे। पुलिस को इस संबंध में विशेष सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 2 सितंबर 2026 को कोलकाता के कसबा थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी पास बेचने में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष झा (22), निवासी कसबा, कोलकाता और शुभम प्रसाद महतो (21), निवासी तिलजला-कसबा, कोलकाता के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में बेलूड़ थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान फर्जी पास तैयार करने और उन्हें श्रद्धालुओं तक पहुंचाने वाले पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रवेश पास के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। कार्यक्रम नि:शुल्क है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति प्रवेश पास बेचने या कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पैसे मांगता है तो उसके प्रति सतर्क रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने विशेष रूप से व्हाट्सऐप के अनधिकृत नंबरों या अन्य अपुष्ट माध्यमों से प्रसारित किए जा रहे पास पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी है। हावड़ा सिटी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फर्जी पास या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें और किसी भी तरह की ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in