

कोलकाता : कूचबिहार में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के कॉनवय पर हमले के मुद्दे को लेकर गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल सरकार पर हमला बोला। जेपी नड्डा ने राज्य सरकार को हमले का जिम्मेदार ठहराते हुए इसे पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की व्यर्थता बताया। जेपी नड्डा ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, ‘मैं कूचबिहार में टीएमसी के गुण्डों द्वारा विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पर किये गये हमले की निंदा करता हूं। यह और भी चिंताजनक बात है कि यह हमला राज्य पुलिस की माैजूदगी में हुआ जो यह दर्शाता है कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गयी है।’ उन्होंने कहा, ‘यह केवल एक चुने हुए जनप्रतिनिधि पर ही नहीं बल्कि लोकतंत्र पर हमला है।’ नड्डा ने कहा कि उन्होंने शुभेंदु अधिकारी से बात कर हालातों का जायजा लिया है। उन्होंने कहा, ‘अगर पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुरक्षित नहीं हैं ताे एक आम आदमी की क्या हालत होगी, यह सोचा जा सकता है।’