कोलकाता का पारा अब भी सामान्य से नीचे, 11 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

सप्ताहांत में मौसम बदलने के आसार
kolkata, fog, weather, foggy, westbengal
कोहरे की चादर से लिप्टा महानगर
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जनवरी के पहले सप्ताह में ही कोलकाता का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। बुधवार को तड़के शहर का तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को इसमें करीब एक डिग्री की मामूली बढ़ोतरी देखी गई। इसके बावजूद तापमान अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। एक दिन के अंतराल के बाद उत्तरी हवाओं का असर फिर से महसूस किया जा रहा है। इसके साथ ही उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। आने वाले 24 घंटों में दक्षिण बंगाल के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। सुबह के समय अधिकतर जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, सप्ताहांत में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र और अधिक सशक्त होकर गहरे निम्न दबाव में बदल गया है। गुरुवार को इसके अति गहरे निम्न दबाव में बदलने की संभावना है, जिसके बाद यह पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। हालांकि, इसका सीधा प्रभाव पश्चिम बंगाल पर नहीं पड़ेगा, जिससे राज्य में उत्तरी हवाओं का असर बना रहेगा। शुक्रवार तक अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे ही रहने का अनुमान है। दक्षिण बंगाल के विभिन्न इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है। गुरुवार को हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नदिया में ‘शीतल दिन’ की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और नदिया जिलों में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर दृश्यता घटकर 50 से 199 मीटर तक रहने की आशंका है। उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में गुरुवार और शुक्रवार को घने कोहरे का पूर्वानुमान है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भी ‘शीतल दिन’ की स्थिति बनी रह सकती है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in