कोलकाता में आवासीय बाजार ने दिखाई मजबूती

2025 के तीसरे क्वार्टर में बिक्री में 4% वार्षिक वृद्धि
कोलकाता में आवासीय बाजार ने दिखाई मजबूती
Published on: 

कोलकाता : वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद भारत का आवासीय बाजार 2025 की तीसरी तिमाही (तीसरे क्वार्टर) में स्थिर बना रहा। टॉप 7 शहरों में कुल आवास बिक्री मात्रा जहां साल-दर-साल 9% घटकर लगभग 97,080 यूनिट पर आ गई, वहीं बिक्री मूल्य में 14% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई जो 2024 के तीसरे क्वार्टर में लगभग 1.33 लाख करोड़ रु. से बढ़कर 2025 के तीसरे क्वार्टर में 1.52 लाख करोड़ रु. तक पहुंच गया।

तिमाही आधार पर बिक्री में 17% बढ़ोतरी

कोलकाता के लिए यह तिमाही खास रही। यहां आवासीय बिक्री में 4% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई, जो देश के बाकी बड़े शहरों में गिरावट के विपरीत रही। 2025 के तीसरे क्वार्टर में कोलकाता में लगभग 4,130 यूनिट घर बिके, जो पिछले साल की समान अवधि के 3,980 यूनिट से अधिक है। तिमाही आधार पर भी बिक्री में 17% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। विशेषज्ञों के अनुसार, स्थानीय मांग में सुधार, मध्यम-आय वर्ग की बढ़ती खरीद क्षमता और नई परियोजनाओं के आकर्षक ऑफर इसके प्रमुख कारण हैं।

नई आपूर्ति के मामले में भी कोलकाता ने शानदार प्रदर्शन किया। 2025 के तीसरे क्वार्टर में यहां लगभग 4,890 यूनिट नए घर लांच हुए, जो 2024 के तीसरे क्वार्टर के मुकाबले 56% अधिक और पिछली तिमाही की तुलना में 95% अधिक हैं। इनमें से लगभग 75% आपूर्ति मिड और अपर-मिड सेगमेंट (40 लाख रु. से 1.5 करोड़ रु.) में रही, जो शहर के खरीदारों की मांग से मेल खाती है।

कीमतों में औसतन 9% सालाना वृद्धि

देशभर में देखें तो मुंबई महानगरीय क्षेत्र (एमएमआर) और पुणे ने मिलकर कुल बिक्री का 48% हिस्सा अपने नाम किया। वहीं, नई आपूर्ति में भी एमएमआर शीर्ष पर रहा, इसके बाद पुणे का स्थान रहा। हालांकि समग्र रूप से बिक्री में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उच्च मूल्य वाले लक्ज़री सेगमेंट में मजबूत मांग के कारण कुल बिक्री मूल्य बढ़ गया। कीमतों के मोर्चे पर भी कोलकाता सहित शीर्ष 7 शहरों में औसतन 9% वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। एनसीआर में यह वृद्धि सबसे अधिक 24% रही, जबकि बेंगलुरु में कीमतें 10% बढ़ीं। विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों में तेज़ वृद्धि के बावजूद बाजार में मांग बनी हुई है, हालांकि कई खरीदारों के लिए वहनीयता चुनौती बनी हुई है।

एनारॉक ग्रुप के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा, ‘बिक्री में हल्की गिरावट के बावजूद मांग आपूर्ति से अधिक रही है, जो बाजार के स्वस्थ रहने का संकेत है। खासकर कोलकाता और चेन्नई जैसे शहरों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है।’

त्योहारी सीजन के नजदीक आने के साथ ही रियल एस्टेट डेवलपर्स को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में मांग और भी बढ़ेगी। कोलकाता में हालिया तिमाही के मजबूत प्रदर्शन ने संकेत दिया है कि शहर का आवासीय बाजार अगले चरण में और अधिक तेजी पकड़ सकता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News