कोलकाता को मिलेगी नई रिंग रोड, पांचला-गार्डेनरीच-सोनारपुर-बेलघरिया एक्सप्रेसवे होंगे आपस में जुड़े

4 जिलों को जोड़ने वाली 4-6 लेन की सड़क से कम होगा ट्रैफिक का दबाव आईआईटी खड़गपुर ने तैयार किया प्रारंभिक खाका।
कोलकाता को मिलेगी नई रिंग रोड, पांचला-गार्डेनरीच-सोनारपुर-बेलघरिया एक्सप्रेसवे होंगे आपस में जुड़े
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: महानगर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार एक महत्वाकांक्षी रिंग रोड परियोजना पर काम शुरू करने जा रही है। इस परियोजना के तहत कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना को जोड़ने वाली नई रिंग रोड बनाई जाएगी। इस सड़क का प्रारंभिक डिजाइन आईआईटी खड़गपुर ने तैयार किया है।

4 जिलों को जोड़ेगी नई रिंग रोड

प्रस्तावित रिंग रोड कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना को आपस में जोड़ेगी। शुरुआती योजना के अनुसार सड़क चार या छह लेन की होगी और इसका बड़ा हिस्सा हुगली (गंगा) नदी के किनारे विकसित किया जाएगा।

इन इलाकों से होकर गुजरेगा मार्ग

योजना के अनुसार यह सड़क हावड़ा के पांचला और बाउड़िया से होकर बजबज, महेशतला, गार्डेनरीच, आमतला, सोनारपुर और बारुईपुर तक पहुंचेगी। इसके बाद यह मार्ग कोना एक्सप्रेसवे, बेलघरिया एक्सप्रेसवे और आगे कल्याणी एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

वर्तमान में एक जिले से दूसरे जिले में जाने के लिए अधिकांश वाहनों को कोलकाता शहर के भीतर से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे पीक आवर्स में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। नई रिंग रोड बनने के बाद बाहरी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे ट्रैफिक का दबाव काफी कम होने की उम्मीद है।

आवागमन होगा तेज और आसान

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद चारों जिलों के बीच यात्रा अधिक तेज, सुगम और सुविधाजनक होगी। साथ ही मालवाहक और लंबी दूरी के वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग मिलने से कोलकाता की सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। यह परियोजना भविष्य में महानगर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in