Kolkata Rain: आज जाने वाले हैं पूजा की शॉपिंग करने तो ज़रा …

Kolkata Rain: आज जाने वाले हैं पूजा की शॉपिंग करने तो ज़रा …
Published on: 

24 घण्टे में कोलकाता में हुई 21.8 मि.मी. बारिश
आज भी बारिश की संभावना
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :  दुर्गा पूजा शुरु होने में अब महज 28 दिनों का समय बाकी है। ऐसे में कोलकाता के लोगों के सिर पर शॉपिंग का खुमार छाया हुआ है। धर्मतल्ला हो या गरियाहाट, हाथीबगान हो या श्यामबाजार यहां दिन भर लोगों की चहलकदमी रहती है। ऐसे में पिछले एक सप्ताह से कोलकाता के लोगों के शॉपिंग स्प्री पर ब्रेक लग गया है और इसकी वजह है बेमौसम बरसात।  शुक्रवार को मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि पिछले 24 घण्टे में कोलकाता में 21.8 मि.मी. बारिश रिकॉर्ड की गयी है। वहीं आज यानी शनिवार तक बारिश होने की संभावना भी मौसम विभाग द्वारा जतायी गयी।

हो रही जलजमाव की समस्या

बताया गया कि बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवेश हो रहा है जिस कारण दक्षिण बंगाल के जिलों में आज यानी शनिवार तक बारिश की संभावना है। इधर, बारिश के कारण शुक्रवार को कोलकाता के कई निचले इलाकाें में जलजमाव हो गया जिससे दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इस कारण शहर के कुछ इलाकों में लोगों को ट्रैफिक जाम का भी सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि आज यानी शनिवार को बांकुड़ा, पूर्व बर्दवान, हुगली, हावड़ा, कोलकाता, उत्तर व दक्षिण 24 परगना समेत उत्तर बंगाल के अलीपुरदुआर, कूचबिहार, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और उत्तर ​दिनाजपुर जिलों में हल्की से भारी बारिश की संभावना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News