

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता मेट्रो की बहुप्रतीक्षित पिंक लाइन परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बरानगर से बैरकपुर तक प्रस्तावित इस मेट्रो कॉरिडोर पर लंबे समय से रुका काम अब जल्द शुरू होने की संभावना है। इससे उत्तर 24 परगना और कोलकाता के कई हिस्सों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। करीब 13 किलोमीटर लंबी इस पिंक लाइन परियोजना में कमरहट्टी, सोदपुर, खड़दह और टीटागढ़ समेत कुल 10 स्टेशन प्रस्तावित हैं। वर्षों से विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों की वजह से यह परियोजना अटकी हुई थी। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, टाला टैंक इलाके में मौजूद दो पुराने पाइपलाइन इस परियोजना की सबसे बड़ी बाधा बने हुए थे। पाइपलाइन को सुरक्षित रखते हुए निर्माण कार्य कैसे किया जाए, इस पर अब रेलवे विकास निगम लिमिटेड (RVNL) और कोलकाता नगर निगम के बीच लगातार चर्चा चल रही है। कोलकाता मेट्रो के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एस. एस. कन्नान ने कहा कि परियोजना पूरी तरह तैयार है और पाइपलाइन से जुड़े समाधान तलाशे जा रहे हैं ताकि जल्द काम शुरू किया जा सके। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस परियोजना की प्रगति की जानकारी ली है। इसके अलावा, नोआपाड़ा से बारासात तक प्रस्तावित येलो लाइन परियोजना को भी गति मिलने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में नोआपाड़ा से एयरपोर्ट तक मेट्रो सेवा चालू है, जबकि माइकलनगर तक निर्माण कार्य जारी है। माइकलनगर से बारासात तक भूमिगत लाइन विस्तार का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है, जिसकी मंजूरी अभी बाकी है। मेट्रो परियोजनाओं में तेजी आने से आने वाले समय में कोलकाता और आसपास के इलाकों की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।