

कोलकाता : न्यू गरिया-एयरपोर्ट ऑरेंज लाइन मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य के चलते रविवार से VIP रोड पर अगले करीब तीन महीने तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अब सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है। विधाननगर पुलिस और पीडब्ल्यूडी ने हल्दीराम्स क्रॉसिंग से कैखाली के बीच एयरपोर्ट जाने वाली सड़क की तीन लेन को निर्माण कार्य के लिए बंद किया है।
शनिवार शाम करीब 7 बजे से नई ट्रैफिक व्यवस्था का ट्रायल शुरू किया गया। एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों को VIP रोड के उल्टाडांगा की ओर जाने वाले फ्लैंक पर डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट-बाउंड कैरिजवे के करीब 225 मीटर हिस्से को बैरिकेड कर दिया गया है। इसमें दो लेन बंद रहेंगी, जबकि 3.5 मीटर चौड़ी एक लेन दोपहिया और छोटे वाहनों के लिए खुली रहेगी।
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक ट्रायल के बाद अगले सप्ताह से दो पिलर के लिए पाइलिंग का काम शुरू किया जाएगा। दोनों पिलर करीब 100 मीटर के हिस्से में बनाए जाएंगे। अधिकारियों का लक्ष्य दिसंबर के अंत तक पिलर का निर्माण पूरा करने के साथ वायाडक्ट बिछाकर ऑरेंज लाइन के इस एलिवेटेड हिस्से को तैयार करना है।
डायवर्जन के तहत कोलकाता जाने वाले फ्लैंक की दो लेन का इस्तेमाल एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों के लिए किया जा रहा है। डायवर्ट की गई लेन को बैरिकेड से अलग किया गया है। साथ ही जगह-जगह डायवर्जन बोर्ड और चेतावनी लाइट लगाई गई हैं।
विधाननगर ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में खासकर पीक आवर के दौरान कुछ इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। इसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बसों और भारी वाहनों को मुख्य सड़क पर दबाव कम करने के लिए सर्विस रोड से डायवर्ट करने की कोशिश की जाएगी।
पुलिस ने शुरुआत में शनिवार से सात दिन के ट्रायल की योजना बनाई थी। हालांकि, यदि वाहनों की आवाजाही सुचारू रहती है तो अगले सप्ताह से पूरी व्यवस्था लागू कर मेट्रो अधिकारियों को ग्रीन वर्ज और बैरिकेड वाले हिस्से में पाइलिंग शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है।
दुर्गापूजा से पहले VIP रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। पूजा के दौरान खासकर श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के आसपास VIP रोड पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनती है। पिछले वर्षों में पूजा के जल्दी उद्घाटन के कारण इस मुख्य सड़क पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित हुआ था।
हालांकि, इस वर्ष नई आयोजन समिति ने पूजा का उद्घाटन अपेक्षाकृत देर से करने का आश्वासन दिया है। समिति ने पुलिस को यह भी भरोसा दिलाया है कि पूजा स्थल के आसपास यातायात नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे।