कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन वर्ष 2026 के अंत तक फिर से होगा चालू, पुनर्निर्माण कार्य तेज

वर्तमान में ब्लू लाइन की मेट्रो सेवाएं शहीद खुदीराम स्टेशन तक ही संचालित हो रही हैं
कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन वर्ष 2026 के अंत तक फिर से होगा चालू, पुनर्निर्माण कार्य तेज
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: दक्षिण कोलकाता का महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशन कवि सुभाष (न्यू गरिया) मेट्रो स्टेशन वर्ष 2026 के अंत तक दोबारा यात्रियों के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। मेट्रो रेलवे ने स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी ला दी है और अधिकारियों का कहना है कि यदि कार्य निर्धारित समय के अनुसार चलता रहा तो वर्ष के अंतिम महीनों तक यात्री एक बार फिर ब्लू लाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकेंगे। गौरतलब है कि जुलाई 2025 में स्टेशन के नॉर्थ-साउथ (ब्लू लाइन) प्लेटफॉर्म को सहारा देने वाले स्तंभों में गंभीर दरारें मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से इस हिस्से को बंद कर दिया गया था। तकनीकी जांच में पाया गया कि क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत संभव नहीं है, जिसके बाद पूरे स्टेशन भवन को ध्वस्त कर नए सिरे से बनाने का निर्णय लिया गया। हालांकि मेट्रो ट्रैक और कारशेड को सुरक्षित रखा गया, जिससे ट्रेनों का परिचालन और रेकों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई। वर्तमान में ब्लू लाइन की मेट्रो सेवाएं शहीद खुदीराम स्टेशन तक ही संचालित हो रही हैं। कवि सुभाष स्टेशन पर यात्री सेवाएं बंद रहने के कारण ब्लू लाइन और ऑरेंज लाइन के बीच इंटरचेंज सुविधा भी अस्थायी रूप से बाधित है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, नए स्टेशन भवन को पहले से अधिक आधुनिक, सुरक्षित और यात्री सुविधाओं से लैस बनाया जा रहा है। निर्माण के दौरान उन्नत इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की संरचनात्मक समस्या की पुनरावृत्ति न हो। नए परिसर में बेहतर यात्री आवागमन, आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कवि सुभाष स्टेशन कोलकाता मेट्रो नेटवर्क का एक अहम जंक्शन है, जहां ब्लू लाइन और ऑरेंज लाइन का संपर्क होता है। इसके दोबारा शुरू होने से दक्षिण कोलकाता, न्यू गरिया, ईएम बाइपास और एयरपोर्ट की दिशा में यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही ऑरेंज लाइन और ब्लू लाइन के बीच इंटरचेंज सुविधा बहाल होने से पूरे मेट्रो नेटवर्क की कनेक्टिविटी और परिचालन क्षमता में भी सुधार होगा।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in