

रेलवे के नियमों के मुताबिक, ट्रेन टिकट यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले बुक किया जा सकता है। अग्रिम टिकट बुकिंग हर दिन सुबह 8 बजे शुरू होती है। त्योहारों के दौरान सर्वर पर भी काफी दबाव रहता है, जिससे कई बार वेबसाइट या ऐप पर टिकट बुक करने में परेशानी हो सकती है।
टिकट बुकिंग शुरू होने से करीब 5-10 मिनट पहले IRCTC अकाउंट में लॉग इन कर लें। इससे बुकिंग शुरू होने के बाद लॉग इन करने में समय बर्बाद नहीं होगा।
टिकट बुक करते समय यात्रियों का नाम, उम्र और अन्य विवरण भरने में समय लग सकता है। इसलिए जिन यात्रियों के लिए टिकट लेना है, उनकी जानकारी पहले से IRCTC Master List में सेव कर रखें। बुकिंग के दौरान एक क्लिक में यात्रियों का चयन किया जा सकेगा और समय बचेगा।
टिकट तभी बुक होता है जब भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जाए। इसलिए बुकिंग के समय तेज भुगतान माध्यम का इस्तेमाल करना जरूरी है। IRCTC e-Wallet में पहले से पर्याप्त राशि रखने से भुगतान के लिए अलग से पैसे ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं पड़ती और लेनदेन जल्दी पूरा हो सकता है।
अन्य भुगतान माध्यमों से भी टिकट बुक किया जा सकता है। हालांकि, कुछ मामलों में OTP आने और उसके सत्यापन में समय लग सकता है। इस दौरान उपलब्ध कन्फर्म सीट किसी अन्य यात्री के खाते में जा सकती है और टिकट वेटिंग लिस्ट में पहुंच सकता है।
इसलिए कन्फर्म टिकट की कोशिश करते समय पहले से लॉग इन, यात्रियों की जानकारी तैयार और तेज भुगतान विकल्प रखना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इन उपायों से कन्फर्म टिकट की गारंटी नहीं होती, क्योंकि सीटों की उपलब्धता और मांग पर अंतिम स्थिति निर्भर करती है।