भारत-पाक मैच : अहमदाबाद में होटलों का किराया सुन होश उड़ जाएंगे

भारत-पाक मैच : अहमदाबाद में होटलों का किराया सुन होश उड़ जाएंगे
Published on: 
  • आम तौर पर एक लक्जरी होटल में एक दिन का किराया पांच से आठ हजार रहता है
  •  15 अक्टूबर के लिये बढ़कर 40000 से एक लाख रुपये तक हो गया है

अहमदाबाद : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा भारत में होने वाले एक दिवसीय विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा होने के साथ ही 15 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के मैच के दिन यहां होटलों के किराये अभी से आसमान छूने लगे हैं और कुछ होटलों ने तो दस गुना इजाफा कर दिया है। विभिन्न होटल बुकिंग वेबसाइट पर जो कीमतें दिखाई जा रही है, उसी से अनुमान लग जाता है कि 15 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर भारत और पाकिस्तान के मैच के लिये अभूतपूर्व मांग रहने वाली है।

होटलों के कमरों के दाम करीब दस गुना बढ गए हैं और कुछ होटल तो उस दिन का एक लाख रुपया दाम मांग रहे हैं। कई होटलों के कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं। आम तौर पर एक लक्जरी होटल में एक दिन का किराया पांच से आठ हजार रहता है जो 15 अक्टूबर के लिये बढ़कर 40000 से एक लाख रुपये तक हो गया है। 'बुकिंग डॉट कॉम' के अनुसार दो जुलाई को आईटीसी वेलकम होटल का किराया 5699 रुपये प्रतिदिन है लेकिन 15 अक्टूबर को यह 71999 रुपये है।

रेनेसेंस अहमदाबाद होटल का अभी किराया आठ हजार रुपये प्रतिदिन है जो 15 अक्टूबर को 90679 रुपये दिख रहा है। इसी तरह एसजी हाइवे पर प्राइड प्लाजा होटल का किराया उस दिन के लिये 36180 रुपये है। साबरमती रिवरफ्रंट पर कामा होटल का आगामी रविवार को किराया 3000 रुपये है लेकिन 15 अक्टूबर को यह 27233 रुपये होगा। आईटीसी नर्मदा, कोर्टयार्ड बाय मेरियट, हयात और ताज स्कायलाइन जैसे पांचसितारा होटलों में तो उस दिन के लिये कमरे ही उपलब्ध नहीं हैं।

होटल्स और रेस्त्रां संघ गुजरात के प्रवक्ता अभिजीत देशमुख ने कहा, 'अगर होटल मालिकों को लगता है कि किसी अवधि में मांग बहुत अधिक रहने वाली है तो वे कमाई की सोचेंगे क्योंकि उन्हें पता है कि अधिक दाम पर भी बुकिंग फुल रहने वाली है। मांग कम होते ही दाम भी कम हो जायेंगे।'

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in