शंकरपुर में नवनिर्मित रोड ओवर ब्रिज का उद्घाटन, लोगों को मिलेगी जाम से राहत

शंकरपुर में नवनिर्मित रोड ओवर ब्रिज का उद्घाटन, लोगों को मिलेगी जाम से राहत
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पूर्व रेलवे की ओर से मानव संचालित लेवल क्रॉसिंग को समाप्त करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में झारखंड के देवघर जिले के शंकरपुर में नवनिर्मित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन शनिवार को गोड्डा के सांसद Nishikant Dubey ने किया। यह आरओबी लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 27/सी के स्थान पर बनाया गया है। उद्घाटन समारोह में देवघर के विधायक Suresh Paswan, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक Sangrah Maurya सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व रेलवे के अनुसार इस आरओबी के शुरू होने से शंकरपुर-जसीडीह कॉरिडोर में यातायात सुगम होगा और लोगों को लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही रेल और सड़क यातायात दोनों के लिए सुरक्षा भी बढ़ेगी। आरओबी चालू होने के बाद लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 27/सी को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। बताया गया कि इस परियोजना को वर्ष 2012-13 में मंजूरी दी गई थी। करीब 37.55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का निर्माण रेलवे और झारखंड सरकार की संयुक्त भागीदारी में किया गया है। यह लेवल क्रॉसिंग सत्संगनगर-भिरखीबाद रोड (एमडीआर-219) पर स्थित थी, जहां भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी। करीब 808 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौड़े इस आरओबी के निर्माण से अब वाहनों की निर्बाध आवाजाही संभव हो सकेगी। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि इस आरओबी से आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा। इससे रेलवे क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, यात्रा समय घटेगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि रोड ओवर ब्रिज आधुनिक परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, क्योंकि इससे बिना फाटक बंद किए यातायात लगातार चलता रहता है तथा एंबुलेंस, दमकल और पुलिस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी तेज आवाजाही मिलती है। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी Shibram Majhi ने कहा कि यह आरओबी पूर्व रेलवे की आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण, सुरक्षित परिवहन व्यवस्था और ‘जीरो मैनड लेवल क्रॉसिंग’ मिशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in