हावड़ा स्टेशन के 350 मीटर लंबे मेन सबवे और 50 मीटर लंबे फेरी घाट सबवे में मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं

24.69 करोड़ रुपये होंगे खर्च, एस्केलेटर और सीसीटीवी से बढ़ेगी सुरक्षा
हावड़ा स्टेशन के 350 मीटर लंबे मेन सबवे और 50 मीटर लंबे फेरी घाट सबवे में मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मेन सबवे और फेरी घाट सबवे के आधुनिकीकरण की योजना तैयार की गई है। दोनों सबवे के रेट्रोफिटिंग और बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर करीब 24.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए राज्य के संसदीय कार्य एवं शहरी विकास और नगर निकाय मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय के नेतृत्व में संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है। इसी सिलसिले में गुरुवार को हावड़ा स्टेशन क्षेत्र में परियोजना के क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें केएमडीए के सीईओ, हावड़ा के जिलाधिकारी, हावड़ा नगर निगम के कमिश्नर, रेलवे के सीनियर डीसीएम सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।परियोजना के दस्तावेजों के अनुसार, हावड़ा मेन सबवे की लंबाई करीब 350 मीटर, जबकि फेरी घाट सबवे की लंबाई लगभग 50 मीटर है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 24,69 करोड़ रुपये हैं। इसमें सिविल कार्यों पर करीब 15.67 करोड़ रुपये और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों पर लगभग 9.02 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

ग्रेनाइट फिनिशिंग और डिजिटल डिस्प्ले से बदलेगा स्वरूप

आधुनिकीकरण के तहत सबवे की आंतरिक सज्जा, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसमें पीवीसी पैनल वाली छत, ग्रेनाइट टाइल्स से दीवारों की फिनिशिंग, ग्रेनाइट स्लैब फ्लोरिंग, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, दिशानिर्देश संकेतक और प्रवेश-निकास द्वारों पर स्टील व ग्लास कैनोपी लगाने का काम शामिल है। इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों के तहत आंतरिक वायरिंग, एलईडी लाइटिंग, फायर डिटेक्शन और अलार्म सिस्टम सहित फायर फाइटिंग व्यवस्था स्थापित की जाएगी। पूरे सबवे क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी, मौजूदा एयर सर्कुलेशन सिस्टम का नवीनीकरण और कंट्रोल रूम व मॉनिटरिंग रूम में एसी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सबवे के गेट नंबर 6 और 9 पर एस्केलेटर लगाए जाएंगे, जबकि फेरी घाट सबवे में दो एस्केलेटर का प्रावधान है। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर को मजबूत करने, डीवाटरिंग पंप लगाने और पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम स्थापित करने की भी योजना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in