

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा बस स्टैंड को मल्टी-कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की राज्य सरकार की योजना के बीच यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा की तैयारी है। पूर्व रेलवे ने प्रस्तावित मल्टी-कॉम्प्लेक्स से हावड़ा स्टेशन तक स्काईवॉक या फुटओवर ब्रिज बनाने की योजना पर विचार शुरू किया है। इसके जरिए यात्री बस स्टैंड से सीधे हावड़ा स्टेशन पहुंच सकेंगे। हालांकि, फिलहाल यह योजना शुरुआती चरण में है।
पूर्व रेलवे के वरिष्ठ डीसीएम राहुल रंजन के अनुसार, राज्य सरकार यदि बस स्टैंड परिसर में मल्टी-कॉम्प्लेक्स विकसित करती है, तो रेलवे यह जांच करेगी कि वहां से हावड़ा स्टेशन तक यात्रियों के लिए सीधी आवाजाही की व्यवस्था कैसे बनाई जा सकती है। इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। प्रारंभिक योजना के मुताबिक स्काईवॉक को हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 तक ले जाने का प्रस्ताव है। इससे यात्री बस स्टैंड से स्काईवॉक के जरिए सीधे स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकेंगे और प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 8 तक आसानी से पहुंच पाएंगे। अंतिम स्वरूप डीपीआर तैयार होने के बाद ही स्पष्ट होगा। स्काईवॉक में एयरपोर्ट के तर्ज पर एस्केलेटर और अन्य यात्री सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है। इससे सड़क मार्ग से घूमकर स्टेशन पहुंचने और ट्रैफिक में फंसने की समस्या कम होगी तथा यात्रियों का समय बचेगा।
क्या होगा मल्टी-कॉम्प्लेक्स में?
राज्य सरकार की योजना के अनुसार हावड़ा बस टर्मिनस के निचले हिस्से में विभिन्न रूटों की बसों के लिए स्थान होगा। इसके ऊपर टैक्सी स्टैंड और ऐप कैब के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। इसी इमारत में मल्टीप्लेक्स और फूड कोर्ट भी विकसित करने की योजना है। शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय ने 1 सितंबर को हावड़ा बस स्टैंड का निरीक्षण करने के बाद इस मल्टी-कॉम्प्लेक्स की योजना की जानकारी दी थी।