हावड़ा शूटआउट : प्रमोटर के परिजन ने कहा भाषण नहीं, इंसाफ चाहिए

हावड़ा शूटआउट : प्रमोटर के परिजन ने कहा भाषण नहीं, इंसाफ चाहिए
Published on

पिलखाना में प्रमोटर सफीक खान की हत्या पर उबाल

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के पिलखाना इलाके में प्रमोटर मो.शफीक खान (27) की गोली मारकर हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने साफ शब्दों में कहा है उन्हें नेताओं का भाषण नहीं, इंसाफ चाहिए। बुधवार तड़के बदमाशों ने बेहद करीब से शफीक खान को गोली मार दी। घटना के बाद से पिलखाना इलाके में तनाव का माहौल है। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर पर तोड़फोड़ और आगजनी की। कई बार सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। परिजनों ने पुलिस और राजनीतिक नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। मृतक की सास ममताज बेगम ने कहा, ‘नेता सिर्फ वोट के समय आते हैं। हम भाषण नहीं सुनना चाहते, हमें इंसाफ चाहिए। हारुन और रोहित को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। मेरी बेटी को विधवा और मेरे नाती को पितृहीन कर दिया गया है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अवैध हथियार रखते हैं, फिर भी पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिलखाना में पहले भी छोटे-मोटे विवाद हुए हैं, लेकिन इस तरह खुलेआम गोली मारकर हत्या की घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। एक निवासी ने कहा, ‘हम अपने ही इलाके में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।”इस बीच हत्याकांड को लेकर सियासी पारा भी चढ़ गया है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोलाबाड़ी थाना के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेता उमेश राय ने आरोप लगाया कि हावड़ा उत्तर में विधायक के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी चरम पर है, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। प्रदर्शनकारियों ने शफीक खान को न्याय दिलाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हालांकि मुख्य आरोपी अब तक फरार बताए जा रहे हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in