

शाम 6.20 पर हावड़ा से होगी रवाना
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : नेताजी सुभाष चंद्र की जयंती से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से शुरू होगी। भविष्य के लिए तैयार और आधुनिक रेलवे नेटवर्क की परिकल्पना को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत शनिवार को हावड़ा–कामाख्या के बीच चलनेवाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। इसके साथ ही 27575/27576 हावड़ा–कामाख्या–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के नियमित परिचालन की घोषणा की गई, जो पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के बीच रेल संपर्क को नई गति प्रदान करेगी। यह अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शीघ्र ही यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी, जो उन्हें तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। इस नई ट्रेन की शुरुआत का उद्देश्य बढ़ती यात्री मांग को पूरा करना तथा पूर्व और पूर्वोत्तर क्षेत्रों के बीच संपर्क को सुदृढ़ करना है। 27576 कामाख्या–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस 22 जनवरी 2026 से (प्रत्येक बुधवार को छोड़कर) प्रतिदिन शाम 18:15 बजे कामाख्या से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 08:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वहीं 27575 हावड़ा–कामाख्या वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस 23 जनवरी 2026 से (प्रत्येक गुरुवार को छोड़कर) प्रतिदिन शाम 6:20 बजे हावड़ा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:20 बजे कामाख्या पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बंडेल, नवद्वीप धाम, कटवा, आजिमगंज, न्यू फरक्का, मालदा टाउन, अलुआबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, जलपाईगुड़ी रोड, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरदुआर, न्यू बोंगाईगांव और रंगिया स्टेशनों पर रुकेगी।