हावड़ा में अंतिम मतदाता सूची 2026 प्रकाशित, 36.79 लाख से अधिक मतदाता दर्ज

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on

16,424 नाम हटाये गये

ड्राफ्ट के बाद संशोधन, अब कुल 36,79,784 पात्र मतदाता

पुरुष 18,82,724, महिला 17,96,971, तृतीय लिंग 89

2,89,703 मामले विचाराधीन

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, पश्चिम बंगाल के पत्र (संख्या 1575(24)-Home(Elec) दिनांक 10.02.2026) के आलोक में हावड़ा जिले की अंतिम मतदाता सूची 2026, अर्हता तिथि 01.01.2026 के संदर्भ में शनिवार को प्रकाशित कर दी गई। यह जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय, हावड़ा की ओर से जारी प्रेस नोट में दी गई। जारी विज्ञप्ति के अनुसार 16 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में कुल 36,93,571 मतदाता दर्ज थे। प्रारूप प्रकाशन के बाद 16,424 अयोग्य मतदाताओं के नाम हटाये गये। इसके शनिवार को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 36,79,784 पात्र मतदाता शामिल हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 18,82,724, महिला मतदाताओं की संख्या 17,96,971 तथा तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 89 है। साथ ही 2,89,703 मतदाता विभिन्न कारणों से अब भी विचाराधीन (अंडर एडजुडिकेशन) हैं। अंतिम मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, पश्चिम बंगाल की आधिकारिक वेबसाइट https://ceowestbengal.gov.in पर उपलब्ध है। मतदाता अपने नाम की जांच वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित निर्वाचन पंजीकरण पदाधिकारी (ERO) के कार्यालय तथा निर्धारित मतदान केंद्रों पर भी सूची देखी जा सकती है। यदि किसी मतदाता को निर्वाचन पंजीकरण पदाधिकारी के निर्णय से आपत्ति है, तो वह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24(क) तथा निर्वाचक नामावली नियम, 1960 के नियम 27 के तहत 15 दिनों के भीतर जिला दंडाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है। जिला दंडाधिकारी के आदेश से असंतुष्ट होने पर 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, पश्चिम बंगाल के समक्ष द्वितीय अपील का प्रावधान है। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला संपर्क केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in