

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा शहर में जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने 4,702 करोड़ की लागत से व्यापक मास्टरप्लान तैयार किया है। इस योजना को राज्य मंत्रिमंडल से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है और अब इसके धरातल पर उतरने का इंतजार है। राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग के मंत्री उमेश राय के अनुसार, परियोजना का काम जनवरी 2027 से शुरू होने की संभावना है और इसे पांच वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मास्टरप्लान को कोलकाता महानगर विकास प्राधिकरण (KMDA) ने तैयार किया है। परियोजना की कुल लागत का 30 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि 70 प्रतिशत राशि एशियाई विकास बैंक (ADB) से मिलने की योजना है। मंत्री उमेश राय ने कहा कि हावड़ा शहर की निकासी व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए तैयार किए गए इस मास्टरप्लान को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद बरसात के दौरान हावड़ा और बाली में जलजमाव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव
इधर, लगातार बारिश के कारण हावड़ा के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। शिवपुर रोड और पंचाननतला रोड की कई गलियों में पानी भर गया। पंचाननतला रोड की क्षीरेरतला गली, कदमतला गली और पागला फौज की गली जलमग्न हो गईं। मध्य हावड़ा के साथ दक्षिण हावड़ा के चूनाभाटी, थानामाकुआ और विवेकानंदनगर में भी भारी बारिश के बाद जलजमाव देखने को मिला। हालांकि, मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रस्तावित मास्टरप्लान के पूरा होने के बाद ऐसी स्थिति से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
श्यामपुर में हुगली के कटाव से बचाव की कवायद
दूसरी ओर, श्यामपुर के बासुदेवपुर में हुगली नदी के कटाव से तटबंध की सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। तटबंध को मजबूत करने के लिए बांस के ढांचे में ईंट भरकर नदी में डाली जा रही है। इसके अलावा जाल में ईंट के टुकड़े डालकर नदी में फेंके जा रहे हैं, जिसे तकनीकी तौर पर ‘बैट’ कहा जाता है। कटाव से कमजोर हुए तटबंध पर पानी का दबाव कम करने के लिए भी उपाय किए जा रहे हैं। श्यामपुर के विधायक हिरण्मय चट्टोपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।