

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : दुर्गापूजा को लेकर हावड़ा में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंडप से लेकर आकर्षक रोशनी तक की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस बीच पुलिस ने पूजा समितियों को सड़क के ऊपर से एक छोर से दूसरे छोर तक की जाने वाली ओवरहेड लाइटिंग को लेकर विशेष रूप से सतर्क किया है। पुलिस के अनुसार, सड़क के ऊपर बड़ा ढांचा बनाकर रोशनी लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
तेज हवा और बड़े वाहनों से खतरा
पुलिस का कहना है कि आंधी, बारिश या तेज हवा के दौरान सड़क के ऊपर लगाए गए बड़े लाइटिंग ढांचे के गिरने से दुर्घटना हो सकती है। इसके अलावा लोडेड ट्रक और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही के दौरान भी ऐसी सजावट परेशानी पैदा कर सकती है। चंदननगर की तर्ज पर सड़क के दोनों ओर बड़े गेटनुमा लाइटिंग, लटकती सजावट और सड़क के ऊपर बनाए जाने वाले बड़े प्रकाश ढांचे को लेकर भी समितियों को सावधान किया गया है।
अनुमति और सुरक्षा नियमों पर जोर
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूजा की अनुमति के अलावा अग्नि सुरक्षा, प्रवेश और निकास मार्ग तथा मंडप की सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान देना होगा। प्रत्येक मंडप में सीसीटीवी लगाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिन समितियों ने अब तक आवश्यक अनुमति नहीं ली है, उन्हें संबंधित थाने से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
वहीं, सरकारी आर्थिक अनुदान लेने या नहीं लेने के संबंध में भी समितियों को लिखित रूप से अपनी स्थिति बतानी होगी। उत्तर हावड़ा के बाजलपाड़ा सार्वजनिन पूजा के आयोजक अभिजीत मंडल ने सन्मार्ग से कहा कि यातायात में बाधा न हो, इसलिए पुलिस के निर्देश के अनुसार ओवरहेड लाइटिंग नहीं की जाएगी। पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि सजावट के साथ सुरक्षा भी प्राथमिकता होगी।