

हुगली : बांसबेड़िया स्टेशन रोड पर एक धार्मिक कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि मगरा-दो ग्राम पंचायत के भाजपा सदस्य तथा हुगली जिला किसान मोर्चा के सचिव श्रीकांत भट्टाचार्य के साथ कुछ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की और मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, चुंचुड़ा के विधायक सुबीर नाग सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र के बांसबेड़िया स्टेशन रोड स्थित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। विधायक के कार्यक्रम में पहुंचने की सूचना मिलने के बाद श्रीकांत भट्टाचार्य समेत कई भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे। आरोप है कि विधायक के कार्यक्रम से निकलने के बाद श्रीकांत और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई और मारपीट शुरू हो गयी।
श्रीकांत भट्टाचार्य ने कहा, “मैं पिछले 15 वर्षों से भाजपा कर रहा हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि अपने ही लोग मेरे साथ इस तरह मारपीट करेंगे। शारीरिक चोट से ज्यादा मानसिक चोट पहुंची है।”
वहीं, चुंचुड़ा विधायक सुबीर नाग ने कहा कि उनके साथ किसी तरह की घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा, “मैं धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कोई भी व्यक्ति किसी धार्मिक कार्यक्रम में जा सकता है। अगर पार्टी का कोई कार्यकर्ता इस तरह की घटना में शामिल है तो पार्टी निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी।”
भाजपा नेता स्वराज घोष ने कहा कि किसी दूसरे विधानसभा क्षेत्र के विधायक को स्थानीय विधायक के क्षेत्र में कार्यक्रम में आने से पहले सूचना देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मारपीट नहीं हुई, बल्कि हल्की धक्का-मुक्की हुई है। घटना क्यों हुई, इसकी जानकारी लेने के बाद ही वह इस संबंध में कुछ कह पाएंगे।
घटना को लेकर पार्टी के अंदर गुटीय विवाद की चर्चा भी शुरू हो गई है। हालांकि संबंधित विधायक कथित “शीत युद्ध” की बात से इनकार कर रहे हैं। मामले में पार्टी स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर है।