पूजा से पहले वेतन की मांग, नगरपालिका के अस्थायी कर्मियों का आंदोलन

kolkata, AI, theme, oandal, durgapuja
Published on

हुगली : दुर्गापूजा से पहले बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर हुगली-चुंचुड़ा नगरपालिका के अस्थायी कर्मियों ने काम बंद कर नगरपालिका के गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिला स्वास्थ्य कर्मियों और फी कलेक्टरों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। वहीं, कार्यालय में कार्यरत सफाई कर्मी, सुरक्षा गार्ड, चपरासी, एम्बुलेंस और वाहन चालकों का भी दो महीने का वेतन बकाया है। अस्थायी कर्मियों की मांग है कि जल्द से जल्द उनके बकाया वेतन का भुगतान किया जाए। उनका कहना है कि नगरपालिका में नियमित रूप से वेतन नहीं मिलना लंबे समय से चली आ रही समस्या है। पूजा सामने है और समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके लिए परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। इसी वजह से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। अस्थायी कर्मचारी यूनियन के राधेश्याम शंख बनिक ने कहा कि वेतन के लिए पहले भी आंदोलन करना पड़ा है। नगर प्रशासक और स्थानीय विधायक को बकाया वेतन की जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका में जरूरत से अधिक अस्थायी कर्मियों की नियुक्ति और स्थायी कर्मचारियों की कमी के कारण भी समस्या बढ़ी है। अस्थायी कर्मी ही विभिन्न विभागों का काम संभाल रहे हैं। वहीं, स्थानीय विधायक सुबीर नाग ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। नगरपालिका में निर्वाचित बोर्ड के स्थान पर फिलहाल नगर प्रशासक कार्यरत हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in