सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में बना एक नया दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे पूरे दक्षिण बंगाल में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह दबाव क्षेत्र आगामी 24 घंटों में और अधिक सक्रिय हो सकता है, जिससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। विशेष रूप से कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर, पूर्व बर्दवान, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिसके चलते इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। कोलकाता में आज पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और शहरभर में व्यापक वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहेगा। इस मौसमी प्रणाली का असर केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा। हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में भी बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गंगीय पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर भी भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। तटीय जिलों में हवाओं की गति 45–50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। मछुआरों को 30 मई तक मध्य बंगाल की खाड़ी, ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तटों और बांग्लादेश की समुद्री सीमा के पास मछली पकड़ने से मना किया गया है।