गुरु नानक जयंती आज, जानिए इस दिन क्यों मनाते हैं प्रकाश पर्व | Sanmarg

गुरु नानक जयंती आज, जानिए इस दिन क्यों मनाते हैं प्रकाश पर्व

नई दिल्ली: आज कार्तिक पूर्णिमा है। देशभर में आज गुरु नानक जयंती मनाई जा रही है। गुरु नानक साहब की जयंती के कारण आज के दिन को प्रकाश पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। यह दिन सिख समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन सिख समुदाय के लोग भजन-कीर्तन करते हैं, प्रभात फेरियां भी निकाली जाती हैं। देशभर के सभी गुरुद्वारों में आज के दिन खास रौनक देखने को मिलती है। गुरुद्वारे जाकर लोग पाठ करते हैं ।इस दिन रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से घरों और  सजाया जाता है। गुरु नानक जयंती को गुरु पूरब और प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है।

आज हुआ गुरु नानक साहब का जन्म

सिखों के पहले गुरु, गुरु नानक साहब का जन्म कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को हुआ था। गुरु नानक देव के पिता का नाम कल्याण चंद और माता का नाम तृप्ता था। उनका जन्म तलवंडी में हुआ जो इस समय पाकिस्तान में है। 15 अप्रैल 1469 को उनका जन्म हुआ। उनके जन्मस्थान को ननकाना साहिब के नाम से भी जाना जाता है। सिख समुदाय के लोगों के लिए यह स्थान काफी पवित्र माना जाता है। हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक जयंती मनाई जाती है। आज ही के दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है। देव दीपावली को लेकर वाराणसी पूरी तरह से सज चुकी है।

क्या है प्रकाश पर्व

मान्यताओं के अनुसार सिख धर्म की नींव गुरु नानक जी ने ही रखी थी, इस कारण वे सिखों के पहले गुरु माने जाते हैं। नानक जी ने ही पवित्र शब्द  ‘इक ओंकार’ को लिखा था। सिखों के लिए इस गुरुवाणी का काफी अधिक महत्व है। इस साल गुरु नानक जयंती 27 नवंबर को मनाई जा रही है। गुरु नानक जी एक संत, गुरु और समाज सुधारक थे। उन्होंने अपना जीवन समाज के लिए समर्पित कर दिया था। बचपन से ही वह अपना ज्यादातर समय चिंतन में बिताते थे। उन्हें सांसारिक मोह नहीं था। इसके साथ ही उन्होंने जात-पात मिटाने के लिए और लोगों को एकता के सूत्र में बांधने के लिए उपदेश दिए थे। नानक जी ने समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाने का कार्य किया था, इसी वजह से गुरु नानक जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में भी मनाया जाता है।

Visited 71 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर