पूर्व रेलवे के प्रमोटी अधिकारियों से महाप्रबंधक का संवाद, यात्री सुविधाओं और आधुनिकीकरण पर दिया जोर

इंटरएक्टिव बैठक में उपनगरीय सेवाओं के विस्तार एसी लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और विभागों के बेहतर समन्वय पर हुई चर्चा
पूर्व रेलवे के प्रमोटी अधिकारियों से महाप्रबंधक का संवाद, यात्री सुविधाओं और आधुनिकीकरण पर दिया जोर
Published on

कोलकाता : पूर्व रेलवे प्रमोटी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देवुस्कर के साथ एक संवादात्मक बैठक (इंटरएक्टिव मीटिंग) का आयोजन किया गया। बैठक में अपर महाप्रबंधक (एजीएम), उप महाप्रबंधक (सामान्य), महाप्रबंधक के सचिव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), सभी प्रधान विभागाध्यक्ष (पीएचओडी) तथा पूर्व रेलवे के विभिन्न मंडलों के प्रमोटी अधिकारी शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक मिलिंद देवुस्कर ने पूर्व रेलवे के समग्र विकास के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी दी। उन्होंने यात्री राजस्व में वृद्धि, बेहतर टीमवर्क तथा उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को अधिक संतुष्टि प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उपनगरीय रेल सेवाओं के विस्तार पर जोर

महाप्रबंधक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए 50 नई उपनगरीय ट्रेन सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसके साथ ही एयर कंडीशंड (एसी) लोकल ट्रेनों के परिचालन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सियालदह मंडल में उपनगरीय ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने के लिए 9 कोच वाली रेक को चरणबद्ध तरीके से 12 कोच में परिवर्तित किया जा रहा है, जिससे अधिक यात्रियों को आरामदायक यात्रा सुविधा मिल सकेगी।

प्रमोटी अधिकारियों को बताया रेलवे की रीढ़

महाप्रबंधक ने प्रमोटी अधिकारियों को भारतीय रेलवे की "रीढ़" बताते हुए उनके अनुभव, स्थिर नेतृत्व और रेल परिचालन में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने के लिए अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करना आवश्यक है।

उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय को भी परिचालन उत्कृष्टता की कुंजी बताते हुए सभी अधिकारियों से आपसी सहयोग और समन्वय को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

आधुनिकीकरण और विकास के संकल्प के साथ बैठक संपन्न

बैठक के अंत में अधिकारियों और वरिष्ठ प्रबंधन के बीच खुला संवाद हुआ, जिसमें विभिन्न सुझावों और विचारों का आदान-प्रदान किया गया। इस दौरान पूर्व रेलवे के सतत विकास, आधुनिकीकरण तथा यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारियों और प्रबंधन ने सामूहिक रूप से अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in