

उत्तर दिनाजपुर के छात्र अभिरूप भद्र बने माध्यमिक 2026 टॉपर
9,53,753 लाख छात्र परीक्षा में हुए शामिल, 85 दिनों में जारी हुए परिणाम
पास रेट के मामले में कलिम्पोंग सबसे आगे, कोलकाता तीसरे स्थान पर
संसद के अध्यक्ष ने प्रेस कान्फ्रेंस के माध्यम से की घोषणा
प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिये गये, जिसमें कुल 9,71,625 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। इसमें से 9,53,753 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें छात्रों की संख्या 4,23,103 और छात्राओं की संख्या 5,30,650 थी। इस बार छात्राओं की संख्या छात्रों से 25.41% आधिक है। इस बार की परीक्षा में कुल 8,06,015 लाख छात्र पास हुए। प्रतिशत के आधार पर अगर देखे, तो इस बार का कुल पास परसेंटेज 86.83% है, जो पिछले बार 86.56% था। पास रेट के मामले में कलिम्पोंग 95.10% के साथ सबसे आगे है। दूसरे स्थान पर 94.82% के साथ पूर्व मेदिनीपुर है। वहीं कोलकाता 92.31% के साथ तीसरे स्थान पर है। इस वर्ष की परीक्षा 2 से 12 फरवरी तक राज्यभर के 2,682 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। लगभग 494 छात्रों ने अस्पताल से परीक्षा दी थी। परीक्षा समाप्त होने के 85 दिनों के अंदर रिजल्ट जारी कर दिया गया है। संसद के अध्यक्ष रामानुज गंगोपाध्याय ने सुबह 9.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिणामों की घोषणा की। साथ में संसद के सेक्रेटरी सुब्रत घोष मौजूद थे। अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा काफी सुचारू रूप से संपन्न हुई है। जिला प्रसाशन, शिक्षा विभाग से लेकर सभी संबंधित लोगों का सहयोग मिला है।
जिलों के छात्रों ने मारी बाजी, टॉप 10 में बनाई जगह
माध्यमिक 2026 का रिजल्ट शुक्रवार को जारी हाेने के बाद संसद की ओर से टॉप 10 की सूची भी प्रकाशित की गई। देखा गया कि इस बार टॉप 10 की सूची में कुल 131 छात्रों के नाम दर्ज हैं, जिसमें सबसे अधिक छात्र पूर्व मेदिनिपूर से हैं। सूची में यहा के 23 छात्र शामिल हैं। हालांकि इसमें कोलकाात के एक भी छात्र का नाम नहीं है। सूची के मुताबिक प्रथम स्थान पर 99.71% अंकों के साथ उत्तर दिनाजपुर के सारदा विद्या मंदिर के छात्र अभिरूप भद्र हैं। उन्होंने कुल 698 अंक हासिल किये हैं। वहीं दूसरे स्थान पर 99.43% के साथ बीरभूम के सरोजिनी देवी सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र प्रियतोष मुखर्जी हैं। तीसरे स्थान पर 3 छात्रों के नाम है, जिसमें साउथ 24 परगना से नरेंद्रपुर रामकृष्ण मिशन विद्यालय के छात्र सौर्य जाना, पूर्व मिदनापुर से रामकृष्ण शिक्षा मंदिर के छात्र अंकन कुमार जाना और बांकुड़ा से क्रिश्चियन कॉलेजिएट स्कूल के छात्र मैनाक मंडल शामिल हैं। सभी ने 99.29% प्राप्त किया है। टॉप 10 में 103 छात्र और 28 छात्रओं ने जगह बनाई है। सूची में पहला स्थान प्राप्त करने वाले छात्र ने 99.71% हासिल किया है, वहीं 10वें स्थान पर जाे छात्र हैं वे 98.29% प्राप्त किये हैं।
सिर्फ 1.46% छात्रों ने 90% से अधिक किया स्कोर
बोर्ड के मुताबिक, इस साल सिर्फ 1.46% छात्रों ने AA ग्रेड यानी 90% से ज़्यादा स्कोर किया है। वहीं A+ यानी 80-89 के बीच स्कोर हासिल करने वाले छात्र 2.81% हैं। A+ यानी 60-79 के बीच 9.64%, B+ यानी 45-59 के बीच 15.42%, B+ यानी 35-44 के बीच 20.68% और C ग्रेड यानी 25-34 के बीच 34.49% छात्रों ने हासिल किया है। देखा गया कि सबसे ज़्यादा कैंडिडेट 25 से 34 के बीच मार्क्स स्कोर करने वाले हैं। इस वर्ष अलग-अलग विषयों में ग्रेड देने के अलावा, छात्रों के सामान्य प्रदर्शन का आकलन करने हेतु एक समग्र ग्रेड भी प्रदान किया गया है।
कोलकाता के कितने छात्र परीक्षा में हुए पास?
कुल 9,71,625 लाख पंजीकृत छात्रों में कोलकाता से 21,708 स्टूडेंट्स थे, जिसमें 10,285 छात्र और 11,423 छात्राएं थीं। 10,142 छात्र और 11,331 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुई थीं। प्रतिशत के आधार पर 94.37% छात्र और 93.18% छात्राएं पास हुई हैं।