

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल सरकार ने राज्य के माध्यमिक पास बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए एक नई मासिक भत्ता योजना की घोषणा की है। गुरुवार को वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य द्वारा पेश किए गए राज्य के बजट में इस नई योजना का नाम ‘बांग्लार युवासाथी’ बताया गया है। बजट प्रस्ताव के अनुसार, माध्यमिक (10वीं) उत्तीर्ण पश्चिम बंगाल के बेरोजगार युवक-युवतियों को इस योजना के तहत महीने में 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह भत्ता 21 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद मिलेगा। योजना का लाभ 21 से 40 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं को दिया जाएगा। हालांकि, यदि इस अवधि के दौरान लाभार्थी को नौकरी मिल जाती है, तो योजना का लाभ स्वतः समाप्त हो जाएगा। यह नई योजना 15 अगस्त 2026 से लागू होगी। बजट में कहा गया है कि माध्यमिक पास होने के बावजूद जो युवक-युवतियां रोजगार से वंचित हैं, उनके लिए यह योजना शुरू की जा रही है। जिन छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए राज्य सरकार या अन्य संस्थाओं से छात्रवृत्ति मिल रही है, वे भी इस योजना के दायरे में आएंगे। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इस परियोजना हेतु 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गौरतलब है कि वर्तमान में राज्य में बेरोजगार युवाओं के लिए ‘युवाश्री’ योजना पहले से चल रही है। इस योजना के तहत आठवीं पास और 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बेरोजगार युवक-युवतियां रोजगार बैंक में पंजीकरण के बाद प्रति माह 1,500 रुपये की सहायता प्राप्त करते हैं। नौकरी मिलने या 45 वर्ष की आयु पूरी होने पर यह लाभ बंद हो जाता है।