

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : ऑरेंज लाइन मेट्रो परियोजना के तहत न्यू गरिया और सेक्टर-5 को जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण का अंतिम चरण शुक्रवार रात से चिंगड़ीघाटा चौराहे पर शुरू हो गया। इस कार्य के चलते चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर को शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार यानी आज सुबह 8 बजे तक पूरी तरह यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान मेट्रो के पिलर संख्या 325 और 326 के बीच कंक्रीट डेक जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। यह काम पूरा होने के बाद सेक्टर-5 तक शेष मेट्रो ढांचे को जोड़ने का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले छह महीनों में न्यू गरिया से सेक्टर-5 तक मेट्रो सेवा शुरू होने की संभावना है। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद करीब 30 किलोमीटर की दूरी महज 35 से 40 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे पीक आवर्स में भी यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी। आरवीएनएल के अधिकारियों ने बताया कि सुकांत नगर (चिंगड़ीघाटा के पास) से सेक्टर-5 तक अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लगभग 9 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में अधिकांश रेलवे ट्रैक बिछाए जा चुके हैं तथा सिग्नलिंग सिस्टम भी स्थापित कर दिए गए हैं। केवल करीब 2.5 किलोमीटर हिस्से में ट्रैक बिछाने का काम शेष है, जिसे पिलरों के जुड़ने के बाद शुरू किया जाएगा। ट्रैक बिछाने से पहले प्री-फैब्रिकेटेड पैरापेट, लोहे की रेलिंग और बेयरिंग लगाने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद आने वाले महीनों में विशेषज्ञ टीमें मेट्रो के विभिन्न तकनीकी परीक्षण और ट्रायल संचालित करेंगी। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोलकाता पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस अवधि में बेलेघाटा मेन रोड और ईएम बाइपास के चौराहे से वाहनों को ब्रॉडवे (निको पार्क की ओर जाने वाले मार्ग) की तरफ मोड़ा जाएगा। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य को सुरक्षित और समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि निर्धारित समय के भीतर काम पूरा कर सोमवार सुबह फ्लाईओवर को फिर से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।