चोरी करने बैंक में घुसा लेकिन नहीं मिला एक भी रुपया, जाते-जाते चोर ने लिखा संदेश- ये अच्छा बैंक है….

Published on: 

हैदराबाद : बैंक में चोरी करने के लिए चोर कभी सुरंग खोदकर अंदर पहुंचते हैं तो कभी हथियार के दम पर बैंक में दाखिल होते हैं और लूटकर कर फरार हो जाते हैं लेकिन तेलंगाना में जब एक चोर बैंक में चोरी करने घुसा तो उसे एक रुपया भी नहीं मिला। इसके बाद उसने एक नोट लिखा, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। तेलंगाना के मंचेरियल जिले में एक बैंक में चोरी करने के लिए चोर किसी तरह घुस गए लेकिन सुरक्षा के कारण उन्हें एक भी रुपया नहीं मिला। वह लॉकर खोलने में पूरी तरह असफल रहे। इसके बाद उन्होंने एक नोट लिखा और बैंक से उसकी तलाश ना करने की अपील की। हालांकि चोरों के घुसने की खबर मिलते ही बैंक की तरफ से पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

बैंक में नहीं मिला एक भी रुपया तो लिखा ये संदेश
चोरी करने में असफल रहे चोरों ने अखबार पर अपना संदेश लिखा, ''मुझे एक भी रुपया नहीं मिल सका… इसलिए मुझे मत पकड़ो। मेरी उंगलियों के निशान वहां नहीं होंगे। अच्छा बैंक है।" वहीं बैंक में चोरों के घुसने की सूचना मिलने पर पुलिस ने बताया कि नकाबपोश चोर ने बृहस्पतिवार को नेनेल मंडल मुख्यालय पर स्थित एक सरकारी ग्रामीण बैंक की शाखा के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर उसमें प्रवेश किया। खबरों के अनुसार, चोरों ने क्लर्क और कैशियर के केबिन में पैसे खोजने की पूरी कोशिश की लेकिन एक रुपया भी नहीं मिला। जब उन्हें कुछ भी नहीं मिला तो उन्होंने नोट लिखकर उनकी तलाश करने से मना किया और बैंक के सुरक्षा उपायों की तारीफ की। बताया गया कि बैंक एक आवासीय परिसर में चल रहा था इसलिए वहां कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था।
पुलिस कर रही चोरों को तलाश
मिली जानकारी के मुताबिक, चोर ताला तोड़कर बैंक में दाखिल हुए थे। बैंक द्वारा मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस चोरों की गिरफ्तारी की पूरी कोशिश कर रही है। चोरी की ये अनोखी घटना सुनकर लोग इस पर हैरानी जता रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News