गंगासागर मेला- 2026 को लेकर सियालदह मंडल के कर्मचारी सक्रिय

गंगासागर मेला- 2026 को लेकर सियालदह मंडल के कर्मचारी सक्रिय
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आगामी गंगासागर मेला 2026 की तैयारियों के क्रम में सियालदह मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जसराम मीणा ने टिकट जांच कर्मचारियों एवं वाणिज्य पर्यवेक्षकों के साथ एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाना तथा मंडल से होकर यात्रा करने वाले हजारों तीर्थयात्रियों को सुगम एवं निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करना था। रेलवे का “Face” माने जाने वाले टिकट जांच कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए जसराम मीणा ने कर्मचारियों को सौम्य व्यवहार, संवेदनशीलता एवं शालीन सार्वजनिक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। तीर्थयात्रियों को टिकट प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए विस्तृत निर्देश दिए गए। यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने हेतु अतिरिक्त टिकट काउंटर एवं स्टाफ की तैनाती की जाएगी तथा एम-यूटीएस (M-UTS) का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। मीणा ने निर्देश दिया कि पूछताछ काउंटरों पर तैनात सभी कर्मियों के पास ट्रेन समय-सारणी, प्लेटफॉर्म परिवर्तन एवं विशेष मेला सेवाओं से संबंधित अद्यतन जानकारी हो, जिससे किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। गंगासागर मेला- 2026 के चरम दिनों में सियालदह मंडल यात्रियों की सुविधा एवं परिचालन दक्षता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in