मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर अब हावड़ा जिले के स्कूलों तक पहुंचने लगा है। गैस की कमी के कारण जिले के कुछ प्राथमिक विद्यालयों में मिड-डे मील बनना बंद हो गया है, जबकि आने वाले दिनों में यह समस्या और बढ़ सकती है। जिला प्राथमिक विद्यालय परिषद (DPSC) के चेयरमैन कृष्णा घोष ने बताया कि गैस की आपूर्ति बाधित होने के कारण कई स्कूलों में मिड-डे मील बनाने में परेशानी हो रही है। मंगलवार से शिवपुर हिंदू गर्ल्स प्राइमरी स्कूल और डोमजुर महिशनाला प्राइमरी स्कूल में गैस की कमी के कारण मिड-डे मील नहीं बन पाया। उन्होंने कहा कि अधिकांश स्कूलों के पास केवल दो से तीन दिनों का ही गैस स्टॉक बचा है। यदि गैस की नई आपूर्ति नहीं हुई, तो अगले कुछ दिनों में जिले के कम से कम 50 प्राथमिक स्कूलों में मिड-डे मील बनना बंद हो सकता है। कृष्णा घोष के अनुसार, फिलहाल गैस डीलरों द्वारा पर्याप्त आपूर्ति नहीं की जा रही है, जिसके कारण स्कूल प्रशासन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से जिन प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक है, वहां स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो बच्चों के लिए चल रही मिड-डे मील योजना प्रभावित हो सकती है। प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।