

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : श्रावणी मेले के दौरान पूर्व रेलवे ने तारकेश्वर और सेवड़ाफुली जंक्शन पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतज़ाम कर यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया। बेहतर परिचालन व्यवस्था और अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं के कारण इस वर्ष दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या और रेलवे की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूर्व रेलवे के अनुसार, श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 246 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। कई ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाया गया, अतिरिक्त अस्थायी ठहराव दिए गए और हावड़ा, सियालदह तथा मालदा टाउन मंडलों से चलने वाली 6 जोड़ी मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त एलएस/जीएस कोच जोड़े गए। अचानक बढ़ने वाली भीड़ से निपटने के लिए अतिरिक्त स्टैंडबाय रेक भी तैयार रखे गए। आंकड़ों के अनुसार, तारकेश्वर स्टेशन पर श्रावणी मेला 2026 के पहले और दूसरे सोमवार (20 व 27 जुलाई) को कुल 1,98,419 यात्रियों ने यात्रा की, जबकि 2025 में यह संख्या 1,85,311 थी। यानी यात्रियों की संख्या में 7.07 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, राजस्व 33.08 लाख रुपये से बढ़कर 39.77 लाख रुपये पहुंच गया, जो 20.21 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इसी तरह सेवड़ाफुली जंक्शन पर भी यात्रियों की संख्या 56,967 से बढ़कर 63,948 हो गई, जो 12.25 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। स्टेशन की आय 4.54 लाख रुपये से बढ़कर 5.35 लाख रुपये हो गई, यानी 17.88 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, आरामदायक और निर्बाध यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।