कोलकाता : आज पूरे देश में ऊर्जा और उत्साह की एक नई लहर देखने को मिली, जब भारत ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कमनाया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 21 जून 2026 को कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से राष्ट्रीय समारोह का उद्घाटन किया तथा नागरिकों के साथ योगाभ्यास में सक्रिय रूप से भाग लिया। पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग लिया।
राष्ट्र के नाम अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रधानमंत्री ने योग के वास्तविक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग लोगों के बीच ऐसा संबंध स्थापित करता है जो केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे वर्ष बना रहता है। उन्होंने योग को समग्र स्वास्थ्य और कल्याण का माध्यम बताते हुए कहा कि यह एक ऐसी दैनिक साधना है जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को भी सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके विचार इस वर्ष की राष्ट्रीय थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के अनुरूप थे।
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के मार्गदर्शन में पूर्व रेलवे मुख्यालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बेल्वेडियर रेलवे क्लब में किया गया। इस अवसर पर पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री शीलेंद्र प्रताप सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. महुआ वर्मा तथा अन्य प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने योग सत्र में सक्रिय भागीदारी की। ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ मेडिटेशन सेंटर के एक प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया।
पूर्व रेलवे के सभी चार मंडलों एवं तीन कारखानों में भी 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया, जिसमें पूर्व रेलवे के 20,000 से अधिक कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। मंडल रेल प्रबंधकों तथा मुख्य कारखाना प्रबंधकों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना, योग के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यकुशलता में सुधार लाना है। योगाभ्यास स्वस्थ शरीर बनाए रखने तथा मानसिक तनाव दूर करने में अत्यंत सहायक है, जो रेलकर्मियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि उनके कार्य की प्रकृति वर्ष भर उच्च स्तर की एकाग्रता एवं 24×7 सतर्कता की मांग करती है।
पूर्व रेलवे के सभी चार मंडलों के प्रमुख स्टेशनों पर भी योगाभ्यास सत्र आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त, पूर्व रेलवे के उच्च विद्यालयों में योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसी प्रकार बी. आर. सिंह अस्पताल, हावड़ा आर्थोपेडिक अस्पताल तथा विभिन्न मंडलीय अस्पतालों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों एवं विभिन्न पदों और विभागों के कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में आयोजित योग कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की, जिससे यह आयोजन अत्यंत सफल रहा।