

• महाप्रबंधक/पूर्व रेलवे ने विजेता टीमों एवं प्रतिभागियों को पदक, कप एवं शील्ड प्रदान किए
• मध्य रेलवे की टीम ने ओवरऑल चैम्पियनशिप जीती, जबकि दक्षिण रेलवे उपविजेता रही
• पूर्व रेलवे के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक जीते
कोलकाता : रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सौंपे गए दायित्व के तहत पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (ERSA) द्वारा 91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स (पुरुष एवं महिला) चैम्पियनशिप का सफल आयोजन 11 से 13 सितंबर, 2026 तक कोलकाता स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ग्राउंड में किया गया। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक एवं ERSA की मुख्य संरक्षक श्रीमती गीतिका पांडेय ने शुक्रवार, दिनांक 11 सितंबर, 2026 को इस तीन दिवसीय अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का शुभारंभ किया तथा इस प्रतिष्ठित आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन का मार्गदर्शन किया।
91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का समापन समारोह आज (13.09.2026) SAI स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, साल्ट लेक, कोलकाता में आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
चैम्पियनशिप के समापन अवसर पर गीतिका पांडेय, महाप्रबंधक/पूर्व रेलवे एवं ERSA की संरक्षक ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता टीमों एवं प्रतिभागियों को पदक, कप एवं शील्ड प्रदान किए।
इस अवसर पर शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अपर महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे, मनीष जैन, अपर महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे, नीरज वर्मा, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, पूर्व एवं मेट्रो रेलवे तथा अध्यक्ष, ERSA, कुमार अनिमेष, सचिव/ERSA, सहित पूर्व रेलवे के कई प्रधान विभागाध्यक्ष, अन्य अधिकारी एवं प्रतिष्ठित खेल हस्तियां उपस्थित थीं।
अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2026 में मध्य रेलवे की टीम ने ओवरऑल चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि दक्षिण रेलवे उपविजेता रहा।
इस प्रतियोगिता में पूर्व रेलवे के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लिली दास ने दो स्वर्ण पदक, मौमिता मंडल ने एक स्वर्ण पदक तथा ख्याति माथुर ने एक स्वर्ण पदक जीता। इस प्रकार पूर्व रेलवे के खिलाड़ियों ने कुल चार स्वर्ण पदक हासिल किए।
दक्षिण रेलवे की श्रीमती भगवती भवानी को सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट तथा दक्षिण रेलवे के श्री डेविड को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट घोषित किया गया। दक्षिण पश्चिम रेलवे की महिला टीम ने महिला चैम्पियनशिप कप जीता, जबकि दक्षिण रेलवे महिला वर्ग में उपविजेता रहा। पुरुष वर्ग में मध्य रेलवे पुरुष टीम चैम्पियन रही, जबकि उत्तर रेलवे उपविजेता रहा।
इस चैम्पियनशिप में विभिन्न क्षेत्रीय रेलों, उत्पादन इकाइयों एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की 24 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में एथलीटों, प्रशिक्षकों एवं टीम प्रबंधकों सहित 412 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर अनेक प्रतिष्ठित खेल हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रही, जिनमें श्री जोसेफ अब्राहम (अर्जुन पुरस्कार विजेता), श्री जितेंद्र कुमार (अर्जुन पुरस्कार विजेता), श्री जे. जे. शोभा (अर्जुन पुरस्कार विजेता), श्री पप्पू यादव (अर्जुन पुरस्कार विजेता), श्रीमती सोमा बिस्वास (अर्जुन पुरस्कार विजेता), श्रीमती सरस्वती साहा (अर्जुन पुरस्कार विजेता), श्रीमती एल. बॉम्बायला देवी (अर्जुन एवं पद्म श्री पुरस्कार विजेता), श्री मोहम्मद अली क़मर (अर्जुन एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता), श्री संजय राय (ओलंपियन) तथा सुश्री भावना जाट (ओलंपियन) शामिल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती गीतिका पांडेय, महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी तथा उन्हें भविष्य की चैम्पियनशिप में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए।
श्री शिबराम माझी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व रेलवे ने कहा कि पूर्व रेलवे विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में सदैव अग्रणी रहा है। रेलवे के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की चैम्पियनशिप में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं, जो खेल उत्कृष्टता के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।