

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पूर्व रेलवे ने अगस्त 2026 में अब तक का सर्वाधिक मासिक माल लदान दर्ज करते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के नेतृत्व में रेलवे जोन ने परिचालन दक्षता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए माल परिवहन के प्रमुख मानकों में निरंतर वृद्धि दर्ज की है। यह उपलब्धि उद्योगों को गति देने, बुनियादी ढांचे के विकास को समर्थन देने तथा उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अगस्त 2026 के दौरान पूर्व रेलवे ने कुल 8.23 मिलियन टन माल लदान दर्ज किया, जो अगस्त 2025 में दर्ज 7.17 मिलियन टन की तुलना में 14.9 प्रतिशत की वृद्धि है। यह अगस्त 2025 की तुलना में 1.06 मिलियन टन की अतिरिक्त वृद्धि को दर्शाता है और अगस्त माह में अब तक का सर्वाधिक माल लदान है। अप्रैल से अगस्त की अवधि के वर्ष-दर-वर्ष आंकड़ों के आधार पर कुल माल लदान 41.62 मिलियन टन रहा, जो अप्रैल–अगस्त 2025 में दर्ज 39.77 मिलियन टन की तुलना में 4.7 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार, अप्रैल–अगस्त की अवधि में वर्ष-दर-वर्ष कोयला लदान 28.49 मिलियन टन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में दर्ज 25.79 मिलियन टन की तुलना में 10.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, शिबराम माझि ने कहा-“अगस्त 2026 में पूर्व रेलवे का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन औद्योगिक आपूर्ति शृंखलाओं को निरंतर समर्थन देने और सभी क्षेत्रों में परिचालन दक्षता बढ़ाने के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”