शुद्धता की हर बूंद: पूर्व रेलवे द्वारा मधुपुर स्टेशन पर सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की सुनिश्चित उपलब्धता

शुद्धता की हर बूंद: पूर्व रेलवे द्वारा मधुपुर स्टेशन पर सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की सुनिश्चित उपलब्धता
Published on

कोलकाता : पूर्व रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। सभी स्टेशनों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं विश्वसनीय पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना पूर्व रेलवे की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। यात्रियों एवं रेल परिसर में रहने वाले कर्मचारियों के लिए स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक पेयजल उपलब्ध कराने हेतु जल की गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का नियमित रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाता है। आसनसोल मंडल के मधुपुर स्टेशन की जलापूर्ति व्यवस्था का स्रोत निकटवर्ती पातरू नदी है। नदी से विद्युत चालित पंपों के माध्यम से रिवर बोरिंग प्रणाली द्वारा जल संग्रहित किया जाता है तथा समर्पित पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से मधुपुर फिल्टर हाउस तक पहुंचाया जाता है। फिल्टर हाउस में प्रेशर फिल्टर के माध्यम से जल का समुचित शोधन किया जाता है। इसके पश्चात मैनुअल क्लोरीनीकरण हेतु नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर तथा जल की गंदलापन (टर्बिडिटी) कम करने के लिए एलम की निर्धारित मात्रा में डोजिंग की जाती है। शोधन के उपरांत यह जल मधुपुर स्टेशन, आसपास की रेलवे कॉलोनियों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण सेवा भवनों में आपूर्ति किया जाता है।

यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे द्वारा जलापूर्ति से संबंधित आधारभूत संरचनाओं में निरंतर सुधार किया गया है। वर्ष 2023-24 के दौरान स्टेशन पर 4 वाटर कूलर उपलब्ध थे, जिनकी संख्या अब बढ़ाकर 9 कर दी गई है और सभी वाटर कूलर कार्यशील हैं। स्वास्थ्य निरीक्षक/मधुपुर कार्यालय में उपलब्ध गुणवत्ता अभिलेखों के अनुसार वर्ष 2023-24 के दौरान जल की इनपुट गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई थी। इस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए वर्ष 2024-25 में महत्वपूर्ण अनुरक्षण एवं सुधार कार्य किए गए, जिसमें मधुपुर फिल्टर हाउस के प्रेशर फिल्टर का ओवरहॉलिंग तथा पुराने एवं क्षतिग्रस्त ओवरहेड टैंक को नए एसएमसी पैनलयुक्त टैंक से बदलना शामिल है। स्टेशन पर भी पुराने ओवरहेड टैंक को नए एसएमसी पैनलयुक्त टैंक से प्रतिस्थापित किया गया है।

जलापूर्ति व्यवस्था के समुचित अनुरक्षण के अंतर्गत सभी वाटर कूलरों की नियमित रूप से गहन सफाई, विसंक्रमण तथा आपूर्ति जल का क्लोरीनीकरण किया जाता है। मधुपुर में संभावित सभी स्थानों पर ऑटो-क्लोरीनेटर स्थापित करने का औपचारिक प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बहु-स्तरीय निगरानी व्यवस्था के तहत विभिन्न बिंदुओं पर अवशिष्ट क्लोरीन की जांच प्रतिदिन की जाती है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिमाह जीवाणुविज्ञान संबंधी जांच तथा समय-समय पर रासायनिक परीक्षण भी किया जाता है। इन कठोर गुणवत्ता नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों के परिणामस्वरूप मधुपुर स्टेशन पर अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 तक किए गए नवीनतम जल गुणवत्ता परीक्षणों के परिणाम पूर्णतः संतोषजनक पाए गए हैं।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, श्री शिबराम माझी ने कहा, “यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं परीक्षणित पेयजल उपलब्ध कराना हमारी यात्री सेवा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मधुपुर स्टेशन पर निरंतर निगरानी, आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण तथा कड़े स्वास्थ्य परीक्षणों के माध्यम से पूर्व रेलवे यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक यात्री अपनी यात्रा के दौरान स्वच्छता एवं सुविधा के उच्च मानकों के अनुरूप पेयजल प्राप्त कर सके।”

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in