पूर्व रेलवे में उत्साह के साथ मनाई गई विश्वकर्मा पूजा

पूर्व रेलवे में उत्साह के साथ मनाई गई विश्वकर्मा पूजा
Published on: 

जीएम गीतिका पांडेय ने विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों का दौरा कर कर्मचारियों के साथ मनाया पर्व

कोलकाता : पूर्व रेलवे के विभिन्न कार्यालयों, वर्कशॉप, रखरखाव प्रतिष्ठानों और परिचालन इकाइयों में शुक्रवार को विश्वकर्मा पूजा उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रेलवे कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थलों, मशीनों, औजारों और उपकरणों की साफ-सफाई कर उन्हें सजाया।

रेलवे परिचालन में इंजीनियरिंग विशेषज्ञता, आधुनिक तकनीक, मजबूत बुनियादी ढांचे और नियमित रखरखाव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विश्वकर्मा पूजा के माध्यम से रेलवे में कार्यरत कारीगरों, तकनीशियनों, इंजीनियरों, पर्यवेक्षकों और अन्य कर्मचारियों के योगदान को भी रेखांकित किया गया।

इस वर्ष का आयोजन पूर्व रेलवे में चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान से भी जुड़ा रहा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को हावड़ा स्टेशन पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने की थी। पूजा के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में सफाई और रखरखाव गतिविधियों ने कार्यस्थल की स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर रखरखाव के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को मजबूत किया।

कर्मचारियों से मिलीं जीएम

कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने विभिन्न रेलवे कार्यालयों और प्रतिष्ठानों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों से बातचीत कर उनके समर्पण, तकनीकी दक्षता और रेलवे के सुरक्षित व सुचारु संचालन में योगदान की सराहना की।

सुरक्षा और तकनीकी दक्षता पर जोर

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिब्रम माझी ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा रेलवे कर्मचारियों के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि यह कारीगरी, तकनीकी दक्षता और कार्य में इस्तेमाल होने वाले औजारों व उपकरणों के प्रति सम्मान का पर्व है। उन्होंने कहा कि यह अवसर इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, उचित रखरखाव, स्वच्छता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराने का भी है।

पूरे आयोजन में कर्मचारियों के बीच टीम भावना और आपसी सम्मान देखने को मिला। साथ ही पूर्व रेलवे ने सुरक्षित, स्वच्छ, तकनीकी रूप से उन्नत और भरोसेमंद रेल सेवा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in